बिहार / मैंगो मैन ने विकसित की आम की नई प्रजाति, नाम रखा लॉकडाउन

बिहार के मैंगो मैन के नाम से प्रसिद्ध किसान अशोक चौधरी ने आम की एक नई किस्म को विकसित किया है। अशोक ने आम की इस नई किस्म का नाम 'लॉकडाउन' रखा हैं। भागलपुर के महेशी तिलकपुर के अशोक ने बताया कि इस नई किस्म को अमेरिका के फ्लोरिडा के आम की प्रजाति इरविन और थाइलैंड की आम की एक प्रजाति को क्रॉस कर बनाया है। आम आकार में गोल और रंगीन है।

अशोक ने बताया मैंने इस आम का पौधा 2016 में लगाया था। चार साल बाद पहली बार फल आया है। जैसा की हर जगह इस समय कोरोना चल रह है जिसकी वजह से लॉकडाउन किया हुआ है। इसलिए मैंने इसका नाम लॉकडाउन रखा है। मैंने आम की इस प्रजाति को कोरोना वॉरियर्स को समर्पित किया है। अशोक ने मोदी-2 नाम के आम की प्रजाति भी विकसित की है। वह कहते हैं- इसे गुलाबखास, इरविन और आम्रपाली को क्रॉस कर तैयार किया है। मोदी-2 में आम्रपाली से अधिक फल लगता है।

अशोक अपने 10 एकड़ में फैले नर्सरी में आम की नई किस्म पैदा करने पर रिसर्च करते हैं। यह सब कैसे शुरू हुआ? यह पूछने पर कहते हैं कि 1992 में मैंने बागवानी शुरू की। भागलपुर जर्दालू आम के लिए प्रसिद्ध है। शुरू में मैंने इसपर काम किया। इसके बाद कई तरह की नस्लें तैयार की हैं।