कोरोना लॉकडाउन: केरल से जोधपुर अपने बेटे से मिलने पहुंची महिला, कार से तय किया 2700 KM का सफर

कोरोना संक्रमण (Coronavirus) और लॉकडाउन (Lockdown) की सख्ती के बीच 50 वर्षीय महिला अस्पताल में भर्ती बेटे से मिलने के लिए केरल से राजस्थान के जोधपुर पहुंच गई। उन्होंने यह सफर गाड़ी से तह किया। सफर के दौरान उन्होंने 6 राज्यों की सीमा और 2 हजार 700 किलोमीटर की दूरी तय की। उनके साथ उनकी बहू और अन्य रिश्तेदार भी कार में सवार थे। सभी लोग तीन दिन में केरल से राजस्थान पहुंचे।केरल निवासी सीलम्मा वसन ने न्यूज एजेंसी को बताया कि मेरा बेटा अरुण कुमार (29 साल) बीएसएफ में है। वह इनदिनों जोधपुर में तैनात है। उसे मायोसिटिस (मांसपेशियों की सूजन) की समस्या है, लेकिन अब उसे कुछ आराम मिल रहा है। एम्स के डॉक्टरों ने हमें अरुण की हालत के बारे में बताया तो यहां आने का निश्चय कर लिया। फिर तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात होते हुए राजस्थान आ गए। अरुण फरवरी में ही छुट्टी लेकर घर आया था। उसका एक साल का बेटा भी है।

सीलम्मा ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान आने-जाने पर तमाम पाबंदियां लागू हैं। लेकिन ईश्वर की कृपा से हम लोग बिना किसी परेशानी के जोधपुर तक पहुंच पाए। इसमें मदद करने के लिए केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन, मुख्यमंत्री पिनरई विजयन और उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करते हैं, जिन्होंने हमें जरूरी पास उपलब्ध कराए। विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने परिवार के लिए एक कैब का इंतजाम किया था।