4.48 करोड़ में बिका शख्स का 90 रुपये का फूलदान, सच्चाई जान सभी रह गए हैरान

किस्मत कब आपके दरवाजे पर दस्तख दे जाए कुछ कहा नहीं जा सकता हैं। बस जरूरत होती हैं सही समय के इंतजार की। जी हां। ऐसा ही कुछ देखने को मिला इंग्लैंड में एक शख्स के साथ। इस शख्स की किस्मत तब खुल गई जब उसका ख़रीदा गया 90 रूपये का फूलदान 4.48 करोड़ में बिका। यह फूलदान उसने एक चैरिटी शॉप की नीलामी में ख़रीदा था और उस समय उसे इसकी अहमियत के बारे में पता नहीं था। जब इसकी सच्चाई सामने आई तो सभी हैरान रह गए।

दरअसल, फूलदान खरीदने के कुछ दिन बाद उस शख्स ने उसे ई-कॉमर्स कंपनी ईबे पर बेचने की कोशिश की, तो उसे वहां से कई ऑफर मिले, जिसमें लोग उस फूलदान के लिए लाखों रुपये देने को तैयार थे। इसके बाद शख्स ने उस फूलदान की नीलामी कराने का फैसला किया, जिसके बाद उसे एसेक्स स्थित स्वोर्डस फाइन आर्ट के नीलामी घर लाया गया। नीलामी में पता चला कि जिस फूलदान को शख्स साधारण समझ रहा था, असल में वो 300 साल पुराना था। इसे एक चीनी व्यक्ति ने 4.48 करोड़ रुपये में खरीदा। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर खरीदने वाले और बेचने वाले शख्स के नामों का खुलासा नहीं किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फूलदान को 18वीं सदी के एक चीनी सम्राट कियानलोंग के लिए बनाया गया था, जिनका शासनकाल 1735 से 1796 तक रहा था। उस समय फूलदानों पर राजवंश की मुहर भी लगाई जाती थी। स्वोर्डस में एशियन आर्ट डिपार्टमेंट की प्रमुख येक्सू ली के मुताबिक, इस अनोखे फूलदान की बिक्री में जो रकम मिली है, उसका इस्तेमाल शख्स अपनी तीन साल की बेटी की पढ़ाई पर करेगा। इसके अलावा बाकी रकम को वह अन्य जरूरत की चीजों पर खर्च करेगा।