डीजे के तेज म्यूजिक ने ले ली एक लड़के की जान, बारात में कर रहा था डांस

मध्यप्रदेश के उज्जैन से एक बेहद ही चौकाने वाली घटना सामने आई है। यहां, बारात में बजने वाले डीजे के तेज म्यूजिक ने एक लड़के की जान ले ली। बारात में डीजे की तेज आवाज के दौरान वीडियो बनाते वक्त लड़का गश खाकर गिरा तो फिर उठ नहीं पाया। डॉक्टर्स के मुताबिक डीजे की तेज आवाज की वजह से उसे दिल का दौरा पड़ गया जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई।

उज्जैन के पास अम्बोदिया डेम निवासी 18 साल का लाल सिंह अपने दोस्त विजय की शादी में शामिल होने ताजपुर आया था। विजय की बारात गांव में निकल रही थी और बारात में लालसिंह अपने दोस्तों के साथ डीजे पर नाच रहा था। इस दौरान वह मोबाइल पर वीडियो भी बना रहा था। तभी अचानक डांस करते हुए लालसिंह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया जिसके बार उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे उज्जैन रैफर कर दिया। डॉक्टरों ने उज्जैन पहुंचने पर लालसिंह को मृत घोषित कर दिया।

दरअसल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि लालसिंह के दिल में खून का थक्का जमा हुआ था। अस्पताल के डॉक्टर जितेंद्र शर्मा के मुताबिक, डीजे के तेज म्यूजिक की वजह से ऐसा हुआ है।

डॉक्टर ने बताया कि डीजे या अन्य बड़े साउंड सिस्टम से जब तेज म्यूज़िक बजाया जाता है तो शरीर में असामान्य गतिविधियां होती हैं। तय सीमा से ज्यादा डेसिबल वाला साउंड मानव शरीर को नुकसान पहुंचाते है। इसका असर दिल और दिमाग दोनों पर पड़ता है।