बिहार : आसमान से गिरे 15 किलो के उल्कापिंड में चुंबकीय शक्ति, गिरने से जमीन में हुआ था 5 फीट गहरा गड्ढा

बिहार के मधुबनी में सोमवार को गिरे 15 किलो के उल्कापिंड को बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास लाया गया। उन्होंने इसे हाथ में उठाकर देखा और चुंबक लगाकर परखा भी। यह उल्कापिंड लौकही थाना के भगवानपुर और ठानी गांव के बीच चौर में एक खेत में गिरा था। इसके गिरने से 5 फीट गड्ढा हो गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, 'इस पत्थर को फिलहाल बिहार म्यूजियम में रखा जाएगा। जांच हो जाने के बाद इसे श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र भेज दिया जाएगा।' मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पत्थर की विशेषज्ञों से जांच कराई जाएगी।

गिरने से 5 फीट गड्ढा हुआ

चौर गांव के स्थानीय लोगों ने बताया, 'जब यह गिरा तो बहुत तेज आवाज आई थी। हम लोग डर गए थे। भागकर उस जगह पहुंचे जहां ये उल्कापिंड गिरा था। देखा करीब पांच फीट में धसा है। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।' 'कुछ लोगों ने चुंबक लगाकर देखा तो सब हैरान रह गए। चुंबक चिपक रही थी। फिर हमने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रशासन के अफसर इसे ले गए।'