झड़ते बालों को रोकने के लिए इस शख्स ने बंद किया शैम्पू का इस्तेमाल, रिजल्ट देख हुए हैरान

बालों के झड़ने की समस्या से सिर्फ महिलाएं ही नहीं मर्द भी काफी परेशान रहते है। अगर समय रहते ही बालों के झड़ने की समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो ये समस्या दिन पर दिन और बढ़ती जाती है। कई लोगों के लिए बालों का झड़ना इतनी खौफनाक प्रक्रिया होती है कि वो कुछ भी कर के इसे रोकना चाहते हैं लेकिन इस बीच एक शख्स अपने बालों को झड़ने से रोकने के लिए एक बड़ा विचित्र तरीका खोजा। उन्होंने अपने इस तरीके के बारे में सोशल मीडिया पर लोगों के साथ शेयर भी किया।

डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार निक कॉएट्जी (Nick Coetzee) नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पर लोगों को प्रकृति और प्राकृतिक चीजों के करीब रहने के आइडियाज देता है। इस अकाउंट को 4000 से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं और वो धूप के महत्व से लेकर शरीर को स्वस्थ रखने के तरीके बताते हैं। हाल ही में निक ने सोशल मीडिया साइट टिकटॉक पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने झड़ते हुए बालों पर काबू पा लिया है।

निक ने बताया कि करीब 6 साल पहले उनके बाल काफी ज्यादा झड़ रहे थे। साइड से उनके बालों के नीचे की स्किन दिखने लगी थी ऐसे में उन्हें साथ में एक अतिरिक्त शर्ट भी कैरी करनी पड़ती थी क्योंकि उनकी पहनी हुई शर्ट पर बाल झड़-झड़कर चिपक जाते थे। तब उन्होंने फैसला किया कि वो अपने बालों पर शैम्पू नहीं लगाएंगे। पिछले 6 सालों से निक ने बालों पर शैम्पू की एक बूंद भी नहीं लगाई है और उनके बाल चमत्कारी ढंग से बढ़ने शुरू हो गए हैं।

निक ने वीडियो में बताया कि शैम्पू में इतने केमिकल होते हैं जो हमारे बालों को खराब कर देते हैं। ऐसे में उन्होंने शैम्पू जैसे ही बंद किया, उसके कुछ ही दिन बाद से उनके बालों की ग्रोथ बढ़ गई। अब वो हर किसी को यही सलाह देते हैं। उन्होंने कहा कि वो अपने सिर पर पानी तो रोज डालते हैं मगर बाल में शैम्पू नहीं लगाते। इससे उनके बालों के नेचुरल तेल की भी रिकवरी हो गई है। बिना शैम्पू के कुछ दिन बाल रूखे लगते हैं मगर अपने आप बाल से नेचुरल ऑयल निकलने लगता है जो बालों को कोमल बना देता है। सोशल मीडिया पर निक की इस पोस्ट को बहुत से लोगों का सपोर्ट मिला है।