अमेरिका के एक घर में मिला दोमुंहा सांप, आम लोगों को भी दिखाया जाएगा

अमेरिका के केंटकी में एक नहीं दो सिर वाला सांप देखने को मिला है। कॉपरहेड प्रजाति का यह सांप लोगों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। एक दंपति को अपने घर के दालान में यह सांप मिला था। इसे अब प्रशासन ने वाइल्‍ड लाइफ सेंटर में रखा है ताकि लोग इसे देख सकें। यह सांप काफी दुर्लभ होता है। इस सांप का जन्‍म इसी महीने हुआ है। सलाटो वाइल्‍डलाइफ एजुकेशन सेंटर ने बताया कि सांप के दोनों सिर काम कर रहे हैं। साथ ही चारों आंखें और दोनों जीभ भी आम तरीके से काम कर रही हैं।

जिस दं‍पति को यह सांप मिला था उसने इसे वाइल्‍डलाइफ सेंटर को सौंप दिया। इसके बाद सेंटर ने फेसबुक पर बताया कि सांप की सेहत का पूरा ख्‍याल रखा जा रहा है। आम जनता इसे देखने के लिए सेंटर आ सकती है। जब तक यह ठीक है तब तक जनता इसे देख सकती है।

दोमुंहे कॉपरहेड सांप का मिलना काफी दुर्लभ होता है। हालांकि पिछले महीने वर्जीनिया में भी ऐसा सांप मिला था। इसी तरह से दूसरी प्रजातियों के दोमुंहे सांप मिलते रहते हैं। सेंटर ने 18 अक्‍टूबर को इसे शेयर किया था तब से इसे करीब 1900 बार शेयर किया जा चुका है। कॉपरहेड सांप जहरीला होता है लेकिन इसकी मात्रा काफी कम होती है। यह मूलत: उत्‍तरी अमेरिका में पाया जाता है।