कैलिफोर्निया के लगुना बीच पर दिखी विशालकाय सनफीश, एक बार में देती है 30 करोड़ अंडे

अमेरिका के कैलिफोर्निया की लगुना बीच पर एक पैडलबोर्डर्स ने विशालकाय सनफिश को तैरते हुए देखा है। उन्होंने इसे सबसे बड़ी सनफिश में से एक बताया और कहा कि पानी में डूबने से पहले वही 30 मिनट तक उनके साथ रही। मछली की सटीक लंबाई का पता नहीं चला है लेकिन पैडलबोर्ड की लंबाई 14 फीट है। इसलिए तस्वीरों से लगाए गए अनुमान के अनुसार सनफिश के 9 से 10 फीट लंबे होने की संभावना है।

मादा सनफिश एक बार में 300 मिलियन (30 करोड़) अंडे तक दे सकती है, किसी भी ज्ञात कशेरुकी प्रजातियों में से सबसे अधिक। बड़ी होने पर सनफिश अपनी चौंका देने वाली आंखों, विशालकाय सिर और लंबे पंख के लिए जानी जाती है जिसे कभी-कभी पानी की सतह पर तैरते समय शार्क समझ लिया जाता है।

लगुना बीच पर मछली को देखने वाले पैडलबोर्डर्स में से एक रिच जर्मन कहा कि 2 दिसंबर को दिखी ग्रे कलर की सनफिश बहुत शांत और अद्भुत थी। जर्मन और उनके दोस्त मैट व्हीटन दरअसल डॉल्फिन को देखने की उम्मीद कर रहे थे। लेकिन जब वे मेन बीच से 600 फीट दूर पहुंचे तो उन्हें सनफिश दिखाई दी।

आपको बता दे, धूप में नहाने के लिए काफी देर तक सतह पर रहने की शौकीन होने के कारण ही इस मछली को सनफिश कहा जाता है। वैसे इसे कॉमन मोला और मोला-मोला भी कहा जाता है। इसका रंग भूरा, सुनहरा, उजला और स्लेटी होता है।

इस मछली को समुद्र की हर बड़ी मछली तो अपना शिकार नहीं बना सकती, लेकिन सी लाइन, किलर ह्वेल और शार्क इसे अपना आहार बना लेती हैं। इस मछली के झुंड में काफी संख्या में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल होते हैं और इस तरह उनकी संख्या बहुत अधिक हो जाती है। इस कारण इस झुंड को जुवेनाइल्स कहा जाता है। यह जेलीफिश, स्क्विड आदि मछलियों को अपना आहार बनाती है। इसके आहार में पोषक तत्व कम होते हैं, इस कारण इसे अधिक भोजन की जरूरत पड़ती है।