प्लास्टिक से बनाया 18 कैरेट का सोना, वजन में काफी हल्का

प्लास्टिक से ईंधन और सड़कें बनाने जैसे बहुत सारे प्रयोग पूरी दुनिया में चल रहे है। लेकिन ऐसा पहली बार हुआ कि प्लास्टिक के जरिए सोना बनाया गया है। स्विस वैज्ञानिकों ने प्लास्टिक से सोना बनाने में सफलता हासिल की है। प्लास्टिक के मैट्रिक्स को मिश्र धातु के रूप में इस्तेमाल कर बनाया गया 18 कैरेट का यह सोना वजन में भी काफी हल्का है और इसकी चमक भी असली सोने जैसी ही है। इसे आसानी से पॉलिश भी किया जा सकता है।

ऐसे किया गया तैयार

यह शोध साइंस जर्नल में प्रकाशित किया गया है। स्विस विश्वविद्यालय ईटीएच ज्यूरिख के वैज्ञानिक राफेल मेजेन्गा ने बताया कि सोने का जो नया रूप विकसित किया है, उसका वजन पारंपरिक 18 कैरेट सोने से लगभग दस गुना कम है। पारंपरिक मिश्रण में आमतौर पर तीन-चौथाई सोना और एक चौथाई तांबा होता है, जिसका घनत्व लगभग 15 ग्राम / सेमी3 होता है। पर प्लास्टिक से बनाए गए इस सोने का घनत्व सिर्फ 1।7 ग्राम / सेमी3 है। फिर भी यह 18 कैरेट का सोना है। इसे बनाने के लिए प्रोटीन फाइबर और एक पॉलिमर लेटेक्स का इस्तेमाल किया। इसमें पहले सोने के नैनोक्रिस्टल की पतली डिस्क को रखा गया। पहले पानी और बाद में अल्कोहल के जरिए इसका घोल तैयार किया। इस घोल को कार्बन डाइऑक्साइड गैस के उच्च दबाव से प्रवाहित कर इसे ठोस आकार में बदला गया। शोधकर्ताओं ने इसे बनाने की प्रक्रिया और सामग्री दोनों के लिए पेटेंट का आवेदन कर दिया है।

वैज्ञानिकों का कहना है कि हल्का होने के कारण यह सोने की घड़ियों और ज्वैलरी के रूप में काफी लोकप्रिय होगा।