10000mAh बैटरी के साथ धमाल मचाने की तैयारी में Oppo, लॉन्च से पहले सामने आए दमदार फीचर्स

नई दिल्ली। स्मार्टफोन बाजार में बड़ी बैटरी वाले डिवाइस की मांग लगातार बढ़ रही है और इसी ट्रेंड को देखते हुए Oppo अब एक ऐसा फोन लाने की तैयारी कर रहा है, जिसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 10000mAh बैटरी होगी। कंपनी ने इस अपकमिंग स्मार्टफोन का टीजर जारी कर इसके जल्द लॉन्च होने के संकेत दिए हैं। वहीं, चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर फोन की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनसे इसके डिजाइन और कुछ प्रमुख फीचर्स का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डिवाइस में लगभग 9700mAh क्षमता वाली सिंगल-सेल बैटरी दी जा सकती है, जिसे मार्केटिंग के लिहाज से 10000mAh बैटरी के रूप में पेश किया जाएगा।

A सीरीज में होगी एंट्री, जल्द दस्तक देगा नया मॉडल

लीक जानकारी के अनुसार, Oppo इस स्मार्टफोन को अपनी लोकप्रिय A Series के तहत लॉन्च कर सकता है। चीन में इसे Oppo A7 Pro Max नाम से पेश किए जाने की चर्चा है। रिपोर्ट्स का दावा है कि फोन में Qualcomm Snapdragon 4 Gen 5 प्रोसेसर देखने को मिल सकता है, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ-साथ बेहतर परफॉर्मेंस देने में सक्षम होगा।

डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाला OLED पैनल मिलने की संभावना है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव काफी स्मूद हो सकता है। इसके अलावा फोन में 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी दिए जाने की उम्मीद है, जिससे बड़ी बैटरी होने के बावजूद चार्जिंग समय कम किया जा सकेगा।
डिजाइन भी हो सकता है आकर्षक

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों के आधार पर माना जा रहा है कि Oppo इस फोन को शुरुआती दौर में ब्लू कलर विकल्प में लॉन्च कर सकता है। फोन के पिछले हिस्से में बड़ा कैमरा मॉड्यूल नजर आया है, जिसमें दो बड़े कैमरा सेंसर और उनके साथ दो छोटे कटआउट दिए गए हैं। कैमरा सेटअप के साथ एलईडी फ्लैश भी मौजूद है।

फोन के दाईं ओर पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल बटन दिए गए हैं। कुल मिलाकर इसका डिजाइन प्रीमियम लुक देने वाला दिखाई दे रहा है, जो मिड-रेंज सेगमेंट के खरीदारों को आकर्षित कर सकता है।

K15 Pro सीरीज जैसा हो सकता है हार्डवेयर

हाल ही में Oppo ने चीन में K15 Pro Series लॉन्च की थी, जिसमें K15 Pro और K15 Pro+ शामिल हैं। इन स्मार्टफोन्स में 8000mAh तक की बैटरी और 80W फास्ट चार्जिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

टेक रिपोर्ट्स की मानें तो नया Oppo A7 Pro Max भी काफी हद तक K15 Pro+ के हार्डवेयर और फीचर्स से प्रेरित हो सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके आधिकारिक स्पेसिफिकेशन की पुष्टि नहीं की है।

डिस्प्ले, स्टोरेज और सॉफ्टवेयर की भी मिली जानकारी

लीक के अनुसार, Oppo A7 Pro Max को चीन की एक ई-कॉमर्स वेबसाइट पर पहले ही लिस्ट किया जा चुका है। वहां सामने आई जानकारी के मुताबिक फोन में 6.78 इंच का OLED डिस्प्ले मिल सकता है, जिसका 1.5K रेजोल्यूशन होगा। बेहतर विजुअल एक्सपीरियंस के लिए इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और सुरक्षा के लिए इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर का सपोर्ट मिलने की संभावना है।

Geekbench लिस्टिंग से सामने आए अहम संकेत


यह स्मार्टफोन हाल ही में Geekbench सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर भी देखा गया है। लिस्टिंग के अनुसार, फोन में 12GB रैम और 512GB इंटरनल स्टोरेज का विकल्प मिल सकता है। इसके अलावा इसमें Qualcomm Snapdragon 4 Gen 5 चिपसेट दिए जाने की संभावना जताई गई है।

सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित ColorOS 16 पर काम कर सकता है। हालांकि लॉन्च से पहले कंपनी की ओर से इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन सामने आई जानकारियों से साफ है कि Oppo अपने इस नए स्मार्टफोन को बड़ी बैटरी, फास्ट चार्जिंग और प्रीमियम फीचर्स के साथ मिड-रेंज बाजार में मजबूत दावेदार के रूप में उतारने की तैयारी कर रहा है।