स्मार्टफोन कैमरा टेक्नोलॉजी में लगातार तेज़ी से बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पिछले साल Apple ने अपनी iPhone 17 सीरीज में फ्रंट कैमरे को बड़ा अपग्रेड देते हुए नया सेंटर स्टेज फीचर पेश किया था, जिसमें 18MP का स्क्वायर सेंसर दिया गया था। इस फीचर ने सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के अनुभव को पहले से काफी बेहतर बना दिया था। Apple के इस इनोवेशन के बाद अब चीनी स्मार्टफोन कंपनियां भी फ्रंट कैमरा टेक्नोलॉजी में बड़ा कदम उठाने की तैयारी में जुट गई हैं।
सूत्रों और टेक रिपोर्ट्स के मुताबिक, Oppo अब एक ऐसे स्मार्टफोन पर काम कर रहा है, जिसमें 100MP का अल्ट्रा हाई-रिजॉल्यूशन सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है। अगर यह फोन लॉन्च होता है, तो यह दुनिया का पहला स्मार्टफोन होगा जिसमें इतनी बड़ी क्षमता वाला फ्रंट कैमरा मिलेगा। बताया जा रहा है कि यह कैमरा भी Apple के सेंटर स्टेज फीचर की तरह ऑटोमैटिक तरीके से वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल मोड में शॉट ले सकेगा, जिससे यूजर को फोन घुमाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
चीनी टिप्स्टर डिजिटल चैट स्टेशन (DCS) ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Weibo पर इस डिवाइस को लेकर दावा किया है कि Oppo का यह अपकमिंग फोन 100MP फ्रंट कैमरे के साथ 1:1 स्क्वायर सेंसर पर आधारित होगा। यह सेंसर वाइड-एंगल सेल्फी कैप्चर करने में भी सक्षम होगा। साथ ही इसमें AI आधारित फीचर्स भी शामिल हो सकते हैं, जो वीडियो कॉल के दौरान अपने आप फील्ड ऑफ व्यू को एडजस्ट कर लेंगे, ताकि यूजर को बेहतर फ्रेमिंग मिल सके।
फ्रंट कैमरा टेक्नोलॉजी में यह बदलाव सेल्फी और वीडियो रिकॉर्डिंग के अनुभव को पूरी तरह बदल सकता है। Apple ने जहां iPhone 17 सीरीज में 18MP सेंसर के जरिए बेहतर स्टेबल और क्लियर फ्रंट कैमरा देने पर फोकस किया है, वहीं Oppo इससे कई गुना अधिक रिजॉल्यूशन वाला सेंसर टेस्ट कर रहा है। अगर यह तकनीक सफल होती है, तो यूजर्स को बेहद हाई-क्वालिटी सेल्फी, वाइड एंगल शॉट्स और बेहतर वीडियो कॉलिंग एक्सपीरियंस मिल सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फोन से फ्रंट कैमरे के जरिए हाई-क्वालिटी हॉरिजॉन्टल वीडियो रिकॉर्डिंग भी संभव हो सकती है, जिससे कंटेंट क्रिएटर्स को काफी फायदा मिलेगा। हालांकि अभी तक Oppo की तरफ से इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इसी बीच Oppo से जुड़ी एक और बड़ी खबर भी सामने आ रही है। कंपनी जल्द ही भारत में एक नया मिड-रेंज स्मार्टफोन लॉन्च कर सकती है, जिसमें 200MP का दमदार कैमरा दिया जाएगा। इस फोन को हाल ही में भारतीय सर्टिफिकेशन वेबसाइट BIS पर देखा गया है। उम्मीद है कि यह डिवाइस Oppo Reno 16 Pro हो सकता है, जिसमें 200MP कैमरे के साथ 7000mAh की बड़ी बैटरी भी दी जा सकती है।
अगर ये सभी रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो Oppo आने वाले समय में कैमरा इनोवेशन के मामले में स्मार्टफोन मार्केट में बड़ा बदलाव ला सकता है।