आज भारत में लॉन्च होंगे Nothing Phone (4a) और Phone (4a) Pro, जानें कितनी हो सकती है कीमत

भारत में टेक प्रेमियों के लिए आज का दिन खास रहने वाला है। टेक कंपनी Nothing अपने नए स्मार्टफोन्स Nothing Phone (4a) और Nothing Phone (4a) Pro को 5 मार्च को आधिकारिक रूप से लॉन्च करने जा रही है। ये दोनों डिवाइस भारत के साथ-साथ वैश्विक बाजार में भी पेश किए जाएंगे। कंपनी की यह नई सीरीज पिछले साल लॉन्च हुए Nothing Phone (3a) और Nothing Phone (3a) Pro का अपग्रेड मानी जा रही है। लॉन्च से पहले ही कंपनी ने इनके कई प्रमुख फीचर्स का खुलासा कर दिया है और फोन का डिजाइन भी आधिकारिक रूप से सामने आ चुका है। इसके अलावा हाल के दिनों में इनकी संभावित कीमत से जुड़ी जानकारी भी लीक हुई है, जिससे यूजर्स के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।

कब और कहां होगा लॉन्च इवेंट


कंपनी के अनुसार दोनों स्मार्टफोन 5 मार्च को भारतीय समयानुसार शाम 4 बजे वैश्विक स्तर पर लॉन्च किए जाएंगे। इस लॉन्च इवेंट को कंपनी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ई-कॉमर्स वेबसाइट Flipkart पर लाइव देखा जा सकेगा। लॉन्च से पहले ही दोनों डिवाइस फ्लिपकार्ट पर लिस्ट हो चुके हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि बिक्री भी इसी प्लेटफॉर्म के जरिए शुरू होगी।
संभावित कीमत

रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस नई सीरीज को मिड-रेंज प्राइस सेगमेंट में ही उतारने की तैयारी कर रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि Nothing Phone (4a) की शुरुआती कीमत लगभग 31,999 रुपये हो सकती है। वहीं इसके प्रीमियम वर्जन Nothing Phone (4a) Pro को करीब 36,999 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ बाजार में उतारा जा सकता है। यानी यह नई सीरीज लगभग 30,000 से 40,000 रुपये की श्रेणी में उपलब्ध हो सकती है, जो कंपनी की पिछली मिड-रेंज रणनीति के अनुरूप ही है।

संभावित फीचर्स और स्पेसिफिकेशन

हाल ही में टिप्स्टर Debayan Roy ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन स्मार्टफोन्स के फीचर्स से जुड़ी जानकारी साझा की थी। लीक के अनुसार Nothing Phone (4a) में 1.5K रेजोल्यूशन वाला OLED डिस्प्ले मिल सकता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इसमें Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया जा सकता है।

बैटरी की बात करें तो इस फोन में 5,400mAh की बड़ी बैटरी मिलने की संभावना है, जो 50W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। इसके अलावा फोन में IP65 रेटिंग के साथ वॉटर और डस्ट रेसिस्टेंस भी दिया जा सकता है, जिससे यह डिवाइस रोजमर्रा के इस्तेमाल में ज्यादा सुरक्षित रहेगा।

कैमरा सेटअप और अन्य फीचर्स

कैमरा सेगमेंट में भी कंपनी बेहतर अपग्रेड देने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इसमें 50MP का मेन कैमरा OIS सपोर्ट के साथ मिलेगा। इसके अलावा 50MP का टेलीफोटो लेंस और 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी शामिल हो सकता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 32MP का कैमरा दिए जाने की उम्मीद है।

साथ ही फोन में एक डेडिकेटेड “Essential Key” भी दिया जा सकता है, जो iPhone Action Button की तरह अलग-अलग शॉर्टकट और फंक्शन को एक्सेस करने में मदद करेगा।

प्रो मॉडल में मिल सकते हैं अतिरिक्त अपग्रेड

Nothing Phone (4a) Pro के फीचर्स काफी हद तक स्टैंडर्ड मॉडल जैसे ही हो सकते हैं, लेकिन कुछ क्षेत्रों में बेहतर अपग्रेड मिलने की उम्मीद है। खासकर कैमरा, बैटरी और हार्डवेयर परफॉर्मेंस में सुधार देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि यह मॉडल पिछले साल आए Nothing Phone (3a) Pro की तुलना में ज्यादा पावरफुल बैटरी और बेहतर इंटरनल स्पेसिफिकेशन के साथ आएगा।