HMD Global ने अपने फीचर फोन पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नया Nokia 123 Shield लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे खास तौर पर मजबूत और टिकाऊ (रग्ड) फोन के रूप में पेश किया है, जो कठिन परिस्थितियों में भी आसानी से काम कर सकता है। इस फोन को IP65 रेटिंग के साथ उतारा गया है, जिससे यह धूल और पानी के छींटों से सुरक्षित रहता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 19 दिनों तक का स्टैंडबाय बैटरी बैकअप है, जो इसे लंबे समय तक इस्तेमाल करने वालों के लिए आकर्षक विकल्प बनाता है।
HMD Global ने फिलहाल इस नए फीचर फोन को अपनी ग्लोबल वेबसाइट पर सूचीबद्ध किया है। हालांकि, कंपनी ने इसकी कीमत का खुलासा अभी नहीं किया है। ब्रांड का दावा है कि यह अपने सेगमेंट का सबसे किफायती रग्ड फीचर फोन होगा। इससे पहले भी HMD ने Nokia ब्रांड के तहत कई नए फीचर फोन पेश किए थे, जिनमें AI आधारित कुछ सुविधाएं भी शामिल थीं।
Nokia 123 Shield में क्या-क्या मिलेगा?
Nokia 123 Shield में 2.4 इंच का डिस्प्ले दिया गया है, जो 320×240 पिक्सल के रिजॉल्यूशन को सपोर्ट करता है। यह फोन मजबूत निर्माण के साथ आता है और इसे ऐसे तैयार किया गया है कि धूल, पानी और कठिन मौसम जैसी परिस्थितियों में भी इसकी कार्यक्षमता बनी रहे। इसकी बॉडी हार्ड प्लास्टिक से तैयार की गई है, जिससे गिरने या हल्के झटकों के दौरान नुकसान की संभावना कम हो जाती है।
परफॉर्मेंस के लिए इसमें Unisoc SC6531E प्रोसेसर दिया गया है। यह फीचर फोन 4MB रैम और 4MB इंटरनल स्टोरेज के साथ आता है। यदि ज्यादा स्टोरेज की जरूरत हो तो माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए इसकी मेमोरी को 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। वहीं, IP65 सर्टिफिकेशन इसे धूल और पानी के छींटों से सुरक्षित रखने में मदद करता है, जिससे यह सामान्य फीचर फोन की तुलना में ज्यादा टिकाऊ बन जाता है।
बैटरी और अन्य फीचर्सफोन में 1,750mAh की बैटरी दी गई है। कंपनी के अनुसार, यह एक बार चार्ज होने पर 19 दिनों तक का स्टैंडबाय टाइम देने में सक्षम है। वहीं, लगातार बातचीत के लिए इसमें करीब 27.9 घंटे का टॉकटाइम मिलता है।
चार्जिंग के लिए इसमें USB Type-C पोर्ट दिया गया है, जो आधुनिक फीचर फोन के हिसाब से एक उपयोगी सुविधा मानी जा रही है। इसके अलावा फोन में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, 3.5mm ऑडियो जैक और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जरूरी अन्य बेसिक फीचर्स भी उपलब्ध हैं।
Nokia Asha की वापसी की भी चर्चाइधर, HMD Global जल्द ही Nokia के लोकप्रिय Asha सीरीज को भी नए अवतार में वापस ला सकता है। सामने आई लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगामी Nokia Asha का डिजाइन पुराने Lumia स्मार्टफोन्स से प्रेरित हो सकता है।
रिपोर्ट्स की मानें तो इस फोन में 5 इंच का डिस्प्ले, 3000mAh की बैटरी और Android 14 Go Edition ऑपरेटिंग सिस्टम दिया जा सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इसकी लॉन्च डेट या आधिकारिक स्पेसिफिकेशन की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में Nokia Asha की वापसी को लेकर फिलहाल यूजर्स को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।