Google के नए स्मार्टफोन का इंतजार कर रहे यूजर्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी ने अचानक ऐलान कर दिया है कि वह अपने नए AI-पावर्ड स्मार्टफोन Google Pixel 10a के लिए 18 फरवरी से प्री-ऑर्डर शुरू करने जा रही है। यह जानकारी गूगल ने अपने आधिकारिक यूट्यूब वीडियो और एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के जरिए साझा की, जिसने टेक इंडस्ट्री और यूजर्स दोनों को चौंका दिया। वजह यह है कि यह लॉन्च टाइमलाइन उम्मीद से कहीं पहले सामने आ गई है।
गूगल इस बार कम कीमत वाले स्मार्टफोन सेगमेंट में भी एडवांस्ड AI फीचर्स को मजबूत करने की तैयारी में है। Pixel 10a को कंपनी की लोकप्रिय A-सीरीज का नया और अहम हिस्सा माना जा रहा है, जो प्रीमियम फीचर्स को ज्यादा किफायती दाम में पेश करने की रणनीति का हिस्सा है।
टीजर में दिखा Pixel 10a का डिजाइनगूगल ने एक छोटे से टीजर के जरिए Pixel 10a की पहली झलक भी दिखाई है। इस टीजर से साफ होता है कि फोन का ओवरऑल डिजाइन काफी हद तक इसके पिछले मॉडल से मिलता-जुलता है। हालांकि, रियर साइड पर एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इस बार फोन में फ्लैट डुअल-कैमरा सेटअप दिया गया है, जो पूरी तरह बैक पैनल के साथ फ्लश नजर आता है।
पिछले साल के मॉडल में जहां पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल के चारों ओर उभरे हुए किनारे थे, वहीं Pixel 10a में ज्यादा क्लीन और मिनिमल डिजाइन अपनाया गया है। फिलहाल कंपनी ने इसके हार्डवेयर स्पेसिफिकेशन्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है और इस पर सस्पेंस बना हुआ है।
हालांकि, यह पहले ही साफ हो चुका है कि Pixel 10a, पिछले साल लॉन्च हुई Google Pixel 10 सीरीज का सबसे किफायती मॉडल होगा। यानी यह फोन उन यूजर्स को टारगेट करेगा जो पिक्सल का एक्सपीरियंस तो चाहते हैं, लेकिन प्रीमियम कीमत चुकाने के मूड में नहीं हैं।
कितनी हो सकती है कीमतPixel 10a की कीमत को लेकर भी हाल ही में एक अहम रिपोर्ट सामने आई थी। एक फ्रेंच पब्लिकेशन के मुताबिक, यह स्मार्टफोन 128GB और 256GB स्टोरेज ऑप्शन में लॉन्च किया जा सकता है। इसके अलावा फोन को बेरी फॉग, लेवेंडर और ऑब्सिडियन जैसे कलर वेरिएंट्स में पेश किए जाने की उम्मीद है।
यूरोपियन मार्केट में Google Pixel 10a की शुरुआती कीमत EUR 549 बताई जा रही है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 58,000 रुपये के आसपास बैठती है। वहीं, इसका टॉप वेरिएंट EUR 649, यानी लगभग 69,000 रुपये का हो सकता है। भारत में लॉन्च के वक्त टैक्स और मार्केट स्ट्रैटेजी के हिसाब से कीमत में बदलाव संभव है।
Google Pixel 10a के संभावित फीचर्सफीचर्स की बात करें तो Pixel 10a में 6.3 इंच का FHD+ AMOLED डिस्प्ले मिलने की संभावना है। इस डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 2000 निट्स तक हो सकती है, जिससे आउटडोर यूज में बेहतर विजिबिलिटी मिलेगी। इसके साथ ही फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट भी दिया जा सकता है।
कैमरा डिपार्टमेंट में फोन 48MP के प्राइमरी कैमरा और 13MP के अल्ट्रा-वाइड लेंस के साथ आ सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 13MP का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
परफॉर्मेंस के मामले में Google Pixel 10a को Pixel 10 की तरह ही Tensor G4 चिपसेट से लैस किया जा सकता है। फोन में 5100mAh की बैटरी दी जा सकती है, जो 35W फास्ट वायर्ड चार्जिंग के साथ-साथ वायरलेस चार्जिंग को भी सपोर्ट करेगी।
इसके अलावा, यह स्मार्टफोन 8GB रैम और 256GB तक की इंटरनल स्टोरेज के साथ आ सकता है। सॉफ्टवेयर फ्रंट पर Pixel 10a के Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ लॉन्च होने की पूरी संभावना है, जो इसे लेटेस्ट फीचर्स और लंबे अपडेट सपोर्ट के साथ पेश करेगा।