Apple भारत में अपने रिटेल नेटवर्क को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। iPhone निर्माता कंपनी दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और नोएडा के बाद अब एक और बड़े शहर में अपना नया फिजिकल स्टोर खोलने की तैयारी कर रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, Apple का भारत में अगला रिटेल स्टोर दक्षिण भारत के प्रमुख शहर हैदराबाद में खुल सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह देश में कंपनी का छठा आधिकारिक Apple Store होगा।
इतना ही नहीं, Apple की नजर गुरुग्राम पर भी टिकी हुई है। रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी वहां भी एक नया रिटेल स्टोर खोल सकती है, जो दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में Apple का तीसरा स्टोर होगा।
हैदराबाद बन सकता है Apple का अगला बड़ा रिटेल हबApple के नए स्टोर को लेकर संकेत खुद कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से मिले हैं। दरअसल, Apple ने अपनी वेबसाइट पर कई नई जॉब लिस्टिंग जारी की हैं, जिनमें हैदराबाद लोकेशन का स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया गया है। इन लिस्टिंग से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी हैदराबाद में अपने अगले फिजिकल स्टोर की तैयारी कर रही है।
इसके साथ ही जॉब पोस्टिंग में गुरुग्राम का नाम भी सामने आया है, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि Apple दिल्ली-एनसीआर में एक और रिटेल स्टोर खोलने की योजना पर काम कर रहा है।
मैनेजमेंट से लेकर टेक्निकल रोल्स तक वैकेंसीApple की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हैदराबाद स्टोर के लिए कई अहम पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं। इनमें स्टोर मैनेजर, सीनियर मैनेजर, स्टोर लीडर और अन्य तकनीकी पद शामिल हैं। इससे साफ है कि कंपनी केवल स्टोर खोलने की नहीं, बल्कि मजबूत टीम तैयार करने की भी योजना बना रही है।
इस बीच Apple के सीईओ टिम कुक पहले ही यह संकेत दे चुके हैं कि मुंबई में भी एक और नया Apple Store खोला जाएगा। हालांकि, हैदराबाद और गुरुग्राम समेत नए स्टोर्स की आधिकारिक ओपनिंग डेट को लेकर कंपनी ने अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि Apple साल की पहली तिमाही में इन स्टोर्स की शुरुआत कर सकता है।
भारत बना Apple के लिए सबसे अहम बाजारों में से एकApple के लिए भारत अब सिर्फ एक उभरता हुआ नहीं, बल्कि रणनीतिक रूप से बेहद अहम बाजार बन चुका है। कंपनी ने अप्रैल 2023 में मुंबई में अपना पहला आधिकारिक रिटेल स्टोर खोला था। इसके तुरंत बाद अप्रैल में ही दिल्ली में दूसरा Apple Store शुरू किया गया।
पिछले साल Apple ने भारत में अपने रिटेल विस्तार को और रफ्तार दी और बेंगलुरु, पुणे और नोएडा में नए स्टोर्स खोले। इसी का नतीजा है कि भारत में iPhone की मांग लगातार बढ़ रही है। बीते साल Apple ने कई चीनी स्मार्टफोन ब्रांड्स को पीछे छोड़ते हुए भारतीय बाजार में बड़ा उछाल दर्ज किया और टॉप-5 स्मार्टफोन ब्रांड्स की सूची में अपनी जगह बना ली।
चीन के विकल्प के रूप में भारत पर Apple का फोकसApple भारत को अब सिर्फ बिक्री के लिए नहीं, बल्कि चीन के विकल्प के रूप में भी देख रहा है। कंपनी यहां रिटेल नेटवर्क के साथ-साथ मैन्युफैक्चरिंग पर भी बड़ा दांव लगा रही है। केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल का फायदा उठाते हुए Apple अब भारत में अपने लगभग सभी iPhone मॉडल्स की असेंबलिंग कर रहा है।
भारत में बने iPhone न सिर्फ घरेलू बाजार में बिक रहे हैं, बल्कि इन्हें बड़े पैमाने पर ग्लोबल मार्केट में एक्सपोर्ट भी किया जा रहा है। यही वजह है कि आने वाले समय में Apple का भारत में निवेश और रिटेल विस्तार और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।