Apple ने अपने प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रखते हुए अब iPhone की कीमतें भी बढ़ा दी हैं। हाल ही में कंपनी ने वैश्विक स्तर पर MacBook और iPad की कीमतों में बदलाव किया था, वहीं अब जापान में iPhone 17 सीरीज, iPhone 16 और iPhone Air की कीमतें बढ़ा दी गई हैं। फिलहाल यह मूल्य वृद्धि केवल जापानी बाजार में लागू की गई है। भारत समेत अन्य देशों में अभी तक iPhone की कीमतों में किसी तरह की बढ़ोतरी की घोषणा नहीं की गई है।
8% से 11.3% तक बढ़ीं iPhone की कीमतेंApple ने जापान में अपने कई iPhone मॉडल्स की कीमतों में करीब 8 प्रतिशत से लेकर 11.3 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सेमीकंडक्टर, मेमोरी चिप्स की उपलब्धता और सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियों के कारण भविष्य में अन्य देशों में भी कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
भारत की बात करें तो iPhone 16 सीरीज को 79,900 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ लॉन्च किया गया था। बाद में iPhone 17 सीरीज आने के बाद इसकी शुरुआती कीमत घटकर 69,900 रुपये तक पहुंच गई थी। वहीं, भारत में iPhone 17 सीरीज की शुरुआती कीमत 82,900 रुपये रखी गई है। फिलहाल भारतीय बाजार में किसी नए प्राइस रिवीजन की घोषणा नहीं हुई है।
जापान में किस मॉडल की कीमत कितनी बढ़ी?iPhone 17 Pro Max की शुरुआती कीमत अब जापान में 2,14,800 येन (करीब 1,27,250 रुपये) हो गई है। लॉन्च के समय इसकी कीमत 1,94,800 येन (लगभग 1,15,400 रुपये) थी। यानी इस मॉडल की कीमत में लगभग 10.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
iPhone 17 Pro अब 1,94,800 येन (करीब 1,15,400 रुपये) की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगा। पहले इसकी कीमत 1,79,800 येन (लगभग 1,06,500 रुपये) थी। इस मॉडल की कीमत में करीब 8.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
iPhone Air की नई शुरुआती कीमत 1,77,800 येन (करीब 1,05,300 रुपये) तय की गई है। पहले इसे 1,59,800 येन (करीब 94,672 रुपये) में लॉन्च किया गया था। यह मॉडल सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है और इसकी कीमत में 11.3 प्रतिशत का इजाफा किया गया है।
iPhone 17 अब जापान में 1,42,800 येन (करीब 84,500 रुपये) की शुरुआती कीमत पर मिलेगा। लॉन्च के समय इसकी कीमत 1,29,800 येन थी। इस फोन की कीमत में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
iPhone 17e की कीमत बढ़ाकर 1,07,800 येन (करीब 63,800 रुपये) कर दी गई है। पहले इसकी शुरुआती कीमत 99,800 येन (लगभग 59,100 रुपये) थी। इस मॉडल पर लगभग 8 प्रतिशत का प्राइस हाइक लागू किया गया है।
iPhone 16 की शुरुआती कीमत भी बढ़ाकर 1,21,800 येन (करीब 72,150 रुपये) कर दी गई है। पहले यह 1,14,800 येन (करीब 68,000 रुपये) में उपलब्ध था। इस मॉडल की कीमत में करीब 8.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
फिलहाल Apple ने केवल जापानी बाजार में कीमतें संशोधित की हैं। हालांकि, वैश्विक सप्लाई चेन और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी को देखते हुए आने वाले समय में अन्य बाजारों में भी iPhone की कीमतों में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।