पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर आज पूरे राज्य की निगाहें मतगणना पर टिकी हुई हैं। शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बहुमत के आंकड़े को पार कर बढ़त बना ली है, जिससे राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया है। इसी बीच राज्य में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा है कि इस बार पश्चिम बंगाल में सरकार बीजेपी की बनेगी। शुभेंदु अधिकारी इस चुनाव में नंदीग्राम सीट से एक बार फिर मैदान में हैं और साथ ही भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
“मुस्लिम वोटरों ने टीएमसी का साथ नहीं दिया”, शुभेंदु अधिकारी का दावाशुभेंदु अधिकारी ने मतगणना के बीच मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार राज्य में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उनके अनुसार पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनाने की स्थिति में है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस चुनाव में बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाताओं ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) का समर्थन नहीं किया है, जिसका असर कई सीटों पर साफ दिखाई दे रहा है।
भवानीपुर सीट को लेकर भी उन्होंने दावा किया कि वहां के रुझान बीजेपी के पक्ष में जा रहे हैं। अधिकारी ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा, “मैं नतीजों के अंतिम चरण तक आगे बढ़ूंगा और इस सीट पर जीत हासिल करूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि इस बार हिंदू मतदाताओं का बड़ा हिस्सा बीजेपी के साथ एकजुट होकर खड़ा हुआ है, जिसका सीधा फायदा पार्टी को मिल रहा है।
294 में से 293 सीटों पर काउंटिंग जारी, एक सीट पर दोबारा मतदानगौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 293 सीटों पर आज मतगणना हो रही है। फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण वहां दोबारा वोटिंग कराई जाएगी, इसलिए आज 293 सीटों के ही अंतिम परिणाम घोषित किए जा रहे हैं।
ताजा रुझानों के मुताबिक बीजेपी ने बहुमत के आंकड़े को पार कर बढ़त बना ली है। खबर लिखे जाने तक बीजेपी 174 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस 116 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं अन्य उम्मीदवार और पार्टियां 3 सीटों पर आगे चल रही हैं। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे राज्य की राजनीति में बदलाव के संकेत और तेज होते जा रहे हैं, जिससे सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।