पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आज 4 मई को घोषित हो रहे हैं और शुरुआती रुझानों ने राज्य की सियासत को पूरी तरह गरमा दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर बढ़त बना ली है, जबकि तृणमूल कांग्रेस पीछे चलती नजर आ रही है। अगर यही रुझान अंतिम नतीजों में बदलते हैं तो यह पहली बार होगा जब भाजपा पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालेगी। ऐसे में 15 साल से मुख्यमंत्री रहीं ममता बनर्जी की विदाई की संभावना भी चर्चा में आ गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर भाजपा सरकार बनाती है तो राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। पार्टी के भीतर कई नामों पर मंथन तेज हो गया है और कुछ नेता इस रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं। आइए जानते हैं भाजपा के उन प्रमुख चेहरों के बारे में जो मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
सुवेंदु अधिकारीसुवेंदु अधिकारी भाजपा के सबसे प्रभावशाली और आक्रामक नेताओं में गिने जाते हैं। वर्तमान में वह नंदीग्राम सीट से विधायक हैं और विपक्ष के नेता की भूमिका निभा रहे हैं। राजनीतिक तौर पर उनका कद तब और बढ़ गया जब उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर देते हुए जीत हासिल की थी।
तृणमूल कांग्रेस से भाजपा में आए सुवेंदु अधिकारी इस बार नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट पर भी सक्रिय भूमिका में हैं। संगठन और जनाधार दोनों स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ के कारण उन्हें मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है।
दिलीप घोषदिलीप घोष पश्चिम बंगाल भाजपा के पुराने और अनुभवी नेताओं में से एक हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से की थी और बाद में भाजपा में शामिल होकर तेजी से संगठन में अपनी जगह बनाई।
वह 2015 में पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष बने और 2016 में खड़गपुर सदर सीट से विधानसभा चुनाव जीते। इसके बाद 2019 में उन्होंने मेदिनीपुर लोकसभा सीट पर भी जीत दर्ज की। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और सख्त छवि उन्हें मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों में शामिल करती है।
सुकांत मजूमदारडॉ. सुकांत मजूमदार वर्तमान में बालुरघाट से लोकसभा सांसद हैं और केंद्र सरकार में शिक्षा राज्य मंत्री तथा पूर्वोत्तर विकास राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वे पहले पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
वनस्पति विज्ञान में पीएचडी करने वाले सुकांत मजूमदार पार्टी के शिक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं। केंद्रीय नेतृत्व के करीबी होने के कारण उनका नाम भी मुख्यमंत्री की संभावित सूची में शामिल किया जा रहा है।
अग्निमित्रा पॉलअग्निमित्रा पॉल भाजपा की प्रमुख महिला चेहरों में से एक हैं। राजनीति में आने से पहले वह कोलकाता में फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में सक्रिय थीं। वर्तमान में वह आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक हैं और एक बार फिर इसी सीट से चुनाव लड़ रही हैं।
उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की जिम्मेदारी भी संभाली है और राज्य में पार्टी के महिला नेतृत्व को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। युवा और सक्रिय छवि के कारण उन्हें भी मुख्यमंत्री पद की संभावित दावेदारों में गिना जा रहा है।
रूपा गांगुलीरूपा गांगुली भारतीय सिनेमा और टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्री रही हैं, जिन्हें महाभारत सीरियल में द्रौपदी के किरदार से खास पहचान मिली। राजनीति में आने के बाद उन्होंने भाजपा के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
वह राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रही हैं। सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट से उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है। उनकी लोकप्रियता और पहचान के कारण यदि महिला नेतृत्व पर विचार होता है तो वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में एक मजबूत नाम बन सकती हैं।