पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले राजनीतिक माहौल और अधिक तनावपूर्ण होता जा रहा है। बुधवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन फिलहाल किसी बड़े आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी है। इसी बीच अब इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) के गठन की आधिकारिक जानकारी सामने आई है।
जांच के लिए गठित हुई SIT, IG स्तर के अधिकारी करेंगे नेतृत्वपुलिस सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की गहराई से जांच के लिए एक SIT का गठन किया गया है। इस टीम का नेतृत्व IG रैंक के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे, जो पूरे मामले की निगरानी और जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।
SIT में विभिन्न जिलों और विशेष पुलिस इकाइयों के अनुभवी अधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम का मुख्य उद्देश्य इस हत्या के पीछे की साजिश, संभावित नेटवर्क और सभी कड़ियों को जोड़कर सच्चाई तक पहुंचना है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ संदिग्धों को पहले ही हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। हालांकि मुख्य हमलावर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, तीन स्थानीय हिस्ट्रीशीटर से भी लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इनकी इस वारदात में किसी तरह की भूमिका रही है।
कैसे हुआ पूरा हमला, जांच में सामने आई शुरुआती जानकारीप्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे नॉर्थ 24 परगना के मध्यग्राम क्षेत्र में हुई। चंद्रनाथ रथ उस समय कोलकाता से अपने घर की ओर लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो कार दोहरिया इलाके के पास पहुंची, पीछे से आ रही एक संदिग्ध कार ने उन्हें ओवरटेक किया। उसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने वाहन को निशाना बनाते हुए चंद्रनाथ रथ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
हमलावरों ने कार के बाईं ओर से गोलियां चलाईं, जिसमें चंद्रनाथ रथ को कई गोलियां लगीं। हमले के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल चंद्रनाथ रथ को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके ड्राइवर को भी गोली लगी है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। ड्राइवर को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एक बड़े अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।
इलाके में तनाव, पुलिस की निगरानी बढ़ीघटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। SIT गठन के बाद उम्मीद की जा रही है कि जांच में तेजी आएगी और जल्द ही इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश सामने लाई जा सकेगी।