100 मीटर की दूरी पर बीजेपी की सभा, शोर से नाराज़ होकर भाषण बीच में छोड़ गईं ममता बनर्जी; कार्यकर्ताओं के बिच झड़प

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के बीच शनिवार को भवानीपुर में एक असामान्य और तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जहां अपनी जनसभा को संबोधित कर रही थीं, वहीं उनके मंच से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की रैली भी आयोजित की जा रही थी। दोनों दलों के कार्यक्रम इतने करीब होने के कारण माहौल में अचानक गर्माहट आ गई और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की आशंका पैदा हो गई। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनकी सभा को बाधित करने के इरादे से ही बीजेपी ने पास में रैली रखी और लाउडस्पीकरों का रुख उनके मंच की ओर कर दिया।

अपने संबोधन के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि तेज आवाज में बज रहे लाउडस्पीकरों के कारण उन्हें बोलने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने इसे जानबूझकर किया गया व्यवधान बताया। स्थिति से नाराज होकर उन्होंने बीच में ही भाषण रोक दिया और वहां मौजूद लोगों से माफी मांगते हुए मंच छोड़कर चली गईं। उनके अचानक चले जाने से सभा स्थल पर मौजूद समर्थक भी हैरान रह गए।

ममता बनर्जी के जाने के बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। टीएमसी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शुभेंदु अधिकारी की सभा की ओर बढ़े और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई और स्थिति हाथापाई तक पहुंचने लगी। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए भीड़ को अलग किया और हालात को काबू में किया। उस समय शुभेंदु अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद नहीं थे, लेकिन बाद में उन्होंने बयान देते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और इसे “गुंडा राज” करार दिया।
इस पूरे घटनाक्रम पर बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि ममता बनर्जी हार के डर से अपना संतुलन खो रही हैं। वहीं राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि भवानीपुर सीट को टीएमसी का मजबूत गढ़ माना जाता है। इस सीट से ममता बनर्जी 2011 से लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुकी हैं।

भवानीपुर विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होना है, जो दूसरे चरण के तहत होने वाली 141 सीटों में शामिल है। इससे पहले पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। सभी चरणों के मतदान के बाद 4 मई को पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

इस बीच, चुनावी माहौल को ध्यान में रखते हुए कोलकाता पुलिस ने भी प्रशासनिक स्तर पर कुछ बदलाव किए हैं। शनिवार को कालीघाट और अलीपुर थानों के थाना प्रभारियों में फेरबदल किया गया। ये दोनों थाने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं, जहां मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है।

पुलिस आयुक्त अजय नंद द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह तबादले मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के तहत किए गए हैं। आदेश में बताया गया कि विशेष शाखा के निरीक्षक गौतम दास को कालीघाट थाने का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि दक्षिण संभाग के निरीक्षक सुब्रत पांडेय को अलीपुर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा निरीक्षक उत्तम कुमार पाइक को कालीघाट थाने में अतिरिक्त थाना प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।