पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में सियासी तनाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद से तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं को विरोध और नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। अब इसका असर हवाई यात्रा तक पहुंच गया है। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली जाते समय फ्लाइट के भीतर कुछ लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। इस मामले को लेकर महुआ मोइत्रा ने एयरलाइन से शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महुआ मोइत्रा ने खुद सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो साझा किया। वीडियो में फ्लाइट के अंदर ‘जय श्रीराम’ के नारे सुनाई दे रहे हैं। सांसद का कहना है कि यह घटना उस समय हुई जब वह आधिकारिक काम से दिल्ली जा रही थीं। उनके अनुसार, यह सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि विमान के भीतर उनकी सुरक्षा और निजता का उल्लंघन है।
पूरे मामले पर जानकारी देते हुए महुआ मोइत्रा ने बताया कि वह रक्षा मामलों से जुड़ी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली जा रही थीं। उन्होंने कहा कि वह इंडिगो की फ्लाइट 6E 719 में सीट नंबर 1F पर बैठी थीं। इसी दौरान 4 से 6 लोगों का एक समूह विमान में चढ़ा और लगातार उन्हें घूरता रहा। बाद में वे लोग विमान के पिछले हिस्से में चले गए।
महुआ के मुताबिक, विमान के लैंड होने और दरवाजे खुलने से ठीक पहले उन लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी और साथ ही घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। उन्होंने कहा कि इसे “जनता का गुस्सा” बताना गलत होगा, क्योंकि यह सीधा उत्पीड़न और डराने की कोशिश थी। सांसद ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
टीएमसी सांसद ने इंडिगो एयरलाइन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने एयरलाइन से कहा है कि फ्लाइट क्रू की रिपोर्ट निकाली जाए, नारेबाजी करने वाले लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए और उन्हें नो-फ्लाई लिस्ट में डाला जाए ताकि भविष्य में वे किसी भी यात्री के साथ ऐसी हरकत न कर सकें। इसके साथ ही महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से भी मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की है।
एक अन्य पोस्ट में महुआ मोइत्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उसी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने लिखा कि शुरुआत में उन्होंने इस घटना को नजरअंदाज कर दिया था और एयरपोर्ट से सीधे अपनी मीटिंग के लिए निकल गई थीं। लेकिन बाद में जब लोगों ने उन्हें वह वीडियो भेजा, जिसे कथित तौर पर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा था, तब उन्होंने इस पूरे मामले का विरोध दर्ज कराने का फैसला लिया।
महुआ ने बताया कि इंडिगो की ओर से उन्हें कहा गया कि कार्रवाई के लिए औपचारिक शिकायत जरूरी होगी। इसके बाद उन्होंने एयरलाइन को आधिकारिक शिकायत भेज दी है और पूछा है कि इस मामले में अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं और सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस जारी है।