पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान बुधवार को संपन्न हो गया और अब सभी की निगाहें 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। नतीजों से पहले शाम करीब साढ़े छह बजे से एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आने शुरू हो गए हैं, जिनमें दिलचस्प तस्वीर उभरकर सामने आई है। पांच प्रमुख सर्वे एजेंसियों में से चार के अनुमान ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति दिखा रहे हैं, जबकि एक एजेंसी अब भी उनके पक्ष में मजबूत जीत का दावा कर रही है।
पीपुल्स पल्स नामक सर्वे एजेंसी ने अपने एग्जिट पोल में तृणमूल कांग्रेस की लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की संभावना जताई है। इस सर्वे के मुताबिक, टीएमसी को 177 से 187 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा को 95 से 110 सीटों के बीच सीमित रहने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में एक से तीन सीटें आने की बात कही गई है। दूसरी ओर, बाकी सर्वे एजेंसियों के आंकड़े इससे बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं, जहां भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।
मैटराइज के एग्जिट पोल के अनुसार, भाजपा राज्य में 146 से 161 सीटों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में हो सकती है, जबकि टीएमसी को 122 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं पी मार्क्यू के सर्वे में भाजपा को 150 से 175 सीटें और टीएमसी को 118 से 138 सीटें मिलने का आकलन किया गया है। इन दोनों सर्वे में भाजपा को बहुमत के करीब या उससे आगे दिखाया गया है, जिससे मुकाबला काफी कड़ा नजर आ रहा है।
इसके अलावा पोल डायरी एजेंसी के आंकड़े भी भाजपा के पक्ष में झुकते दिखाई दे रहे हैं। इस सर्वे के मुताबिक, भाजपा को 142 से 171 सीटें मिल सकती हैं, जबकि टीएमसी 99 से 127 सीटों के बीच सिमट सकती है। कांग्रेस को यहां तीन से पांच सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं प्रजा पोल के एग्जिट पोल में भाजपा की सबसे बड़ी जीत का दावा किया गया है, जिसमें उसे 178 से 208 सीटें तक मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि टीएमसी को 85 से 110 सीटों तक सीमित बताया गया है।
मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो दूसरे और अंतिम चरण में भी मतदाताओं का उत्साह देखने लायक रहा। छिटपुट घटनाओं के बीच शाम पांच बजे तक करीब 90 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। कुल 3.21 करोड़ मतदाताओं में से बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भवानीपुर सीट पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी देखने को मिली, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला।
राज्य के विभिन्न जिलों में भी मतदान प्रतिशत उल्लेखनीय रहा। पूर्वी बर्धमान में सबसे ज्यादा 92.46 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जबकि हुगली में 90.34 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे पहले पहले चरण में भी 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो दर्शाता है कि इस चुनाव में जनता की भागीदारी काफी अधिक रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि एग्जिट पोल के ये अनुमान 4 मई को आने वाले वास्तविक नतीजों से कितने मेल खाते हैं।