
मुंबई आने वाला एक विमान अचानक कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। एयर इंडिया के सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रहे विमान के इंजन में तकनीकी गड़बड़ी के चलते यह एहतियातन कदम उठाया गया। अहमदाबाद हादसे के बाद से एयर इंडिया की फ्लाइट्स पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और इस ताजा घटना ने यात्रियों की चिंता और बढ़ा दी है।
ताजा मामला एयर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट से जुड़ा है, जो अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से रवाना होकर मुंबई के लिए उड़ान पर थी। इस विमान के बाएं इंजन में खराबी की जानकारी मिलने के बाद फ्लाइट को बीच रास्ते में कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इस फ्लाइट को तत्काल कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विमान लैंड होते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और उन्हें एयरपोर्ट के टर्मिनल पर स्थानांतरित किया गया।
यह गड़बड़ी इतनी गंभीर मानी गई कि विमान की आगे की यात्रा को तुरंत रद्द करना पड़ा। बताया जा रहा है कि इंजन की तकनीकी खराबी के कारण इसने अगली उड़ान नहीं भरी और यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट का इंतजार करना पड़ा।
फ्लाइट की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णयमिली जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI180 सैन फ्रांसिस्को से मुंबई के लिए उड़ान भर रही थी। उड़ान के दौरान अचानक कुछ अनियमितता महसूस होने पर पायलट ने विमान को सोमवार देर रात करीब 12:45 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतारने का फैसला किया।
लैंडिंग के बाद हुई जांच में सामने आया कि विमान के बाएं इंजन में गंभीर तकनीकी खराबी है। इसके चलते मंगलवार सुबह लगभग 5:20 बजे इस फ्लाइट की यात्रा रद्द कर दी गई। यात्रियों को जानकारी देते हुए विमान के कप्तान ने बताया कि यात्रियों और क्रू की जानमाल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया।
एक के बाद एक सामने आ रहे मामलेयह कोई पहली घटना नहीं है जब एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी समस्या आई हो। इससे एक दिन पहले एयर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान को, दिल्ली के लिए उड़ान भरने के एक घंटे के भीतर तकनीकी संदेह के चलते हांगकांग वापस लौटना पड़ा।
एयरलाइन द्वारा जारी बयान में कहा गया कि उड़ान संख्या AI315 को हांगकांग में सुरक्षित रूप से उतारा गया। वहीं, इसी सप्ताह ब्रिटिश एयरवेज की एक फ्लाइट को चेन्नई जाते समय तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से लंदन वापस लौटना पड़ा।
16 जून को लुफ्तांसा की एक फ्लाइट को, जो जर्मनी से हैदराबाद आ रही थी, बम की धमकी के कारण वापस लौटना पड़ा। यह लगातार सामने आ रहे मामले वैश्विक स्तर पर एविएशन सेफ्टी पर सवाल उठा रहे हैं।
अहमदाबाद हादसा बना चेतावनीगौरतलब है कि 12 जून को एक बड़ा हादसा सामने आया था, जब एयर इंडिया का एक विमान अहमदाबाद में उड़ान भरने के तुरंत बाद एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह विमान लंदन जा रहा था और उड़ान भरने के एक मिनट से भी कम समय में यह दुर्घटना हो गई। इस भयानक हादसे में विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे देश में शोक और चिंता की लहर दौड़ गई थी।