पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने प्रेमी और बहन संग रचा खौफनाक खेल, हत्या के बाद भी नहीं रुका रोमांस

मुरादाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मझोला थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने प्रेम संबंधों में बाधा बनने वाले पति की हत्या कराने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने प्रेमी, बहन और बहन के प्रेमी के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। हत्या के बाद इसे आत्महत्या और हादसा साबित करने की कोशिश भी की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। अब पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एक्सपोर्ट फर्म में काम करता था पवन

मृतक की पहचान 30 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है, जो एक एक्सपोर्ट फर्म में काम करता था। वह मझोला के कुंदनपुर इलाके में कृषि विभाग कार्यालय के पास बने अपने घर में पत्नी और बेटी के साथ रहता था। पवन के बड़े भाई देवेंद्र बिजली विभाग में लाइनमैन हैं और परिवार के अन्य सदस्य शहर के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। पवन की शादी वर्ष 2020 में संभल जिले के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के बटौवा गांव निवासी आंचल से हुई थी। दोनों की एक छोटी बेटी दिव्यांशी भी है।

पत्नी के प्रेम संबंधों को लेकर घर में होता था विवाद

परिजनों का आरोप है कि आंचल का अपने रिश्तेदार अंकित के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया गया कि पवन को पत्नी के इस रिश्ते की जानकारी मिल गई थी और उसने कई बार इसका विरोध भी किया था। इसी वजह से घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पवन के भाई Devendra ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शुक्रवार देर रात उन्हें सूचना दी गई कि पवन ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी है, लेकिन घटनास्थल और आसपास के लोगों की बातें सुनने के बाद परिवार को मामला संदिग्ध लगा।

हत्या से पहले बनाई गई पूरी योजना

जांच में सामने आया कि घटना वाली रात करीब 11 बजे घर से दो संदिग्ध लोग निकलते देखे गए थे। इसके बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि आंचल ने अपनी बहन शिखा, प्रेमी अंकित और शिखा के साथी अजय दिवाकर के साथ मिलकर पवन की हत्या की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, करीब दो सप्ताह पहले आंचल मायके गई थी और वहीं पति की हत्या की योजना बनाई गई। बाद में वह अपनी बहन के साथ वापस मुरादाबाद लौटी और पवन को फोन कर घर बुलाया।
पहले करंट, फिर जहर देकर ली जान

बताया जा रहा है कि उस समय पवन अपनी बहन अनीता के घर गया हुआ था। पत्नी के बुलाने पर वह वापस घर पहुंचा। अगले दिन सुबह वह रोज की तरह काम पर गया और शाम को लौटने के बाद कथित तौर पर साजिश के तहत उसे मौत के घाट उतार दिया गया। आरोप है कि पहले उसे बिजली का करंट दिया गया और बाद में जहर देकर हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद भी घर में चलता रहा ड्रामा

मामले को और भी चौंकाने वाला बनाने वाली बात यह है कि पुलिस जांच में यह दावा भी सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी महिला और उसकी बहन अपने-अपने प्रेमियों के साथ घर में मौजूद रहीं। परिवार का आरोप है कि जब पवन जिंदगी और मौत से जूझ रहा था, उसी दौरान आरोपी बेफिक्र होकर अपने प्रेम संबंधों में व्यस्त थे। बाद में जब पवन की मौत हो गई तो परिजनों को फोन कर आत्महत्या की कहानी सुनाई गई।

बयानों में विरोधाभास से खुला मामला

हालांकि, पत्नी और उसकी बहन के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे। इसी वजह से पवन के भाई और बहनों को गहरा शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मामला पूरी तरह पलट गया और पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया।

रिश्तेदार से बढ़ीं नजदीकियां, फिर बढ़ता गया विवाद

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच में पता चला कि शादी के कुछ समय बाद से ही आंचल और अंकित के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं। अंकित रिश्ते में पवन का भतीजा लगता है और उसका घर पर आना-जाना लगातार बढ़ गया था। करीब छह महीने पहले पवन को दोनों के संबंधों की भनक लगी थी। उसने पत्नी को समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद संबंध जारी रहे और परिवार में तनाव बढ़ता गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आ रहे नए खुलासे


सूत्रों के अनुसार, हिरासत में ली गई आंचल ने पूछताछ के दौरान कई अहम बातें कबूल की हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब बनाई गई और इसमें किसकी क्या भूमिका थी। चारों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड समेत अन्य तकनीकी सबूत भी खंगाले जा रहे हैं।

मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया

इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि पवन की छोटी बेटी दिव्यांशी अब पिता के साये से हमेशा के लिए वंचित हो गई है। परिवार का कहना है कि अवैध संबंधों को बचाने के लिए एक मासूम बच्ची की जिंदगी से उसके पिता को छीन लिया गया। पवन की मौत के बाद बच्ची फिलहाल अपने रिश्तेदारों के पास है, जबकि पूरा परिवार इस घटना से सदमे में है।