संतकबीर नगर में सनसनी: प्रेमिका ने घर बुलाकर किया हमला, प्रेमी का प्राइवेट पार्ट किया जख्मी

उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरानी में डाल दिया। यहां एक गर्लफ्रेंड ने अपने प्रेमी को घर बुलाकर उस पर हमला कर दिया – और वो भी बेहद संवेदनशील जगह पर। घटना के बाद न सिर्फ प्रेमी बल्कि उसके पूरे परिवार की हालत चिंताजनक हो गई।

दरअसल, मामला मेंहदावल क्षेत्र का है। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 20 वर्षीय युवक का पिछले दो साल से एक सजातीय युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों फोन पर घंटों बातें किया करते थे, रिश्ते में गहराई थी और परिवार भी इस रिश्ते से वाकिफ था। युवक तीन भाइयों में सबसे छोटा है, जबकि पिता और दोनों भाई बाहर काम के सिलसिले में रहते हैं।

मंगलवार को प्रेमिका ने प्रेमी को फोन करके मिलने के लिए अपने घर बुलाया। युवक भी प्यार में डूबा, बेपरवाह होकर पहुंच गया। लेकिन मिलने के कुछ ही देर बाद किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि गुस्से में आकर प्रेमिका ने युवक के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया, जिससे वो बुरी तरह जख्मी हो गया।

दर्द से कराहते युवक ने किसी तरह घर पहुंचकर अपनी भाभी को पूरी बात बताई। इसके बाद भाभी और बुआ ने बिना देर किए 108 नंबर एंबुलेंस बुलवाई और युवक को लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचीं। डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया।

अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद बघौली चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और घायल युवक व परिजनों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक को प्राइवेट पार्ट में हल्की चोटें आई हैं। साथ ही पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि दोनों के बीच दो साल से संबंध थे और उनके परिवार वाले भी इस रिश्ते को लेकर सहमति जता चुके थे।

फिलहाल इस मामले को लेकर न तो कोई शिकायत दर्ज कराई गई है और न ही कोई लिखित तहरीर दी गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या प्यार में गुस्सा इस हद तक भी जा सकता है? फिलहाल पीड़ित युवक खतरे से बाहर है, लेकिन ये घटना कई सामाजिक सवाल जरूर छोड़ गई है।