उत्तर प्रदेश में ताबड़तोड़ एनकाउंटर: देवरिया से बदायूं तक अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, गौतस्कर निशाने पर

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पुलिस लगातार सक्रिय है। बीते रविवार की रात से सोमवार की सुबह तक राज्य के कई जिलों — देवरिया, हापुड़, बलिया और बदायूं — में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ एनकाउंटर अभियान चलाया। इन कार्रवाइयों में खासतौर पर गौतस्करों को निशाना बनाया गया। कई बदमाश घायल हुए, एक की मौत हो गई, जबकि कुछ को पकड़कर जेल भेजा गया।

बदायूं में गौतस्कर घायल, हथियार और उपकरण बरामद

बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और गोतस्कर एजाद के बीच हुई मुठभेड़ ने माहौल गरमा दिया। मुखबिर से सूचना मिली थी कि भवानीपुर खैरू निवासी एजाद, जो पहले से ही गोकशी के कई मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में रिहा हुआ है, टेढ़ा घाट पुल के पास फिर से गोवंश वध की योजना बना रहा है।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख एजाद ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और वध के उपकरण बरामद किए। घायल तस्कर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह जंगलों में घूमने वाले गोवंशीय पशुओं को मारकर उनका मांस बेचता था। गिरफ्तारी के वक्त उसने पुलिस पर जानलेवा हमला किया, जिसके जवाब में पुलिस को गोली चलानी पड़ी।

हापुड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश मारा गया

हापुड़ में पुलिस और कार सवार गौकशी गिरोह के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। कपूरपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में चली गोलियों की गूंज ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस की गोली से 50 हजार का इनामी और हिस्ट्रीशीटर बदमाश हसीन मारा गया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों में 25 मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी कुंवर ज्ञानजंय सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश गांव सपनावत के जंगल में गौकशी कर रहे हैं। थाना प्रभारी विनोद कुमार पांडेय की टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने कार में बैठकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी गोलीबारी में हसीन ढेर हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, कारतूस और कार बरामद की।

देवरिया में असलहा तस्कर घायल होकर गिरफ्तार

देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और असलहा तस्कर पप्पू सिंह के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पप्पू के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने रात में ही अस्पताल जाकर उसका बयान दर्ज किया।

बलिया में हत्या आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बलिया जिले में चंदन हत्याकांड के एक आरोपी अभिनंदन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार रात महलीपुर निवासी 23 वर्षीय चंदन राजभर की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने चंदन के पिता गणेश राजभर की तहरीर पर तीन लोगों — अभिनंदन, रघुनंदन और राजू राजभर — के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।

रविवार देर रात पुलिस ने अभियुक्तों की तलाश में घेराबंदी की और मुठभेड़ के दौरान अभिनंदन को गोली लगने से घायल अवस्था में पकड़ा गया। फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जबकि अन्य दो आरोपी फरार हैं।

राज्यभर में अपराधियों पर शिकंजा, सख्ती बरकरार

देवरिया से लेकर बदायूं तक फैले इन एनकाउंटरों से साफ है कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपराध और गौकशी पर पूरी तरह नकेल कसने के मूड में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद पुलिस विभाग ने अपराधियों के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से अपराधियों में खौफ और आम जनता में राहत का माहौल देखा जा रहा है।