यूपी में आज से महावृक्षारोपण अभियान की शुरुआत, CM योगी गोरखपुर से करेंगे शुभारंभ; 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आज (12 जुलाई) से महावृक्षारोपण अभियान-2026 की शुरुआत होने जा रही है। इस राज्यव्यापी अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस वर्ष अभियान की थीम एक पेड़ मां के नाम रखी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से इस विशेष पर्यावरणीय अभियान का शुभारंभ करेंगे। सरकार का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

'वृक्षारोपण मानवता और भविष्य की सेवा का संकल्प' : CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए वृक्षारोपण को ईश्वरीय कार्य बताया। उन्होंने लिखा, वृक्षारोपण ईश्वरीय कार्य है। यह सृष्टि की सेवा, मानवता की उपासना और भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इसी पवित्र भावना के साथ शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की तपोभूमि गोरखपुर से 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 26 सरकारी विभागों के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पवित्र त्रिवेणी रोपण, विकास वाटिका की स्थापना, किसानों को कार्बन क्रेडिट प्रमाण-पत्र वितरण तथा मौलश्री के पौधों का रोपण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग एक पेड़ मां के नाम लगाकर हरित, समृद्ध और विकसित उत्तर प्रदेश के इस जन-महायज्ञ का हिस्सा बनें।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है पौधरोपण

सीएम योगी ने एक अन्य पोस्ट में भारतीय संस्कृति में प्रकृति के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने का दायित्व नहीं, बल्कि उसके प्रति आभार प्रकट करने की परंपरा भी है। उन्होंने लिखा कि भारतीय संस्कृति में पृथ्वी को माता, नदियों को जीवनदायिनी और वृक्षों को प्राणवायु का आधार माना गया है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वृक्षारोपण हमारे लिए महज एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिसने हमें जीवन, जल, अन्न और ऊर्जा प्रदान की है। उनके अनुसार 12 जुलाई को आयोजित होने वाला वृक्षारोपण महायज्ञ इसी भावना का एक विराट उत्सव है, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

एक दिन पहले भी लोगों से की थी भागीदारी की अपील

इससे पहले 11 जुलाई को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए प्रदेशवासियों से अभियान में शामिल होने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि गोरखपुर स्थित महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की तपोस्थली से शुरू होने वाला यह प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी और 'विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना सृजन का कार्य है, जबकि उसकी देखभाल करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को छाया, स्वच्छ वायु और बेहतर जीवन प्रदान करेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से इस हरित अभियान को जनआंदोलन बनाने और पर्यावरण संरक्षण के इस महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।