ईरान के सर्वोच्च नेता Ali Khamenei के निधन की खबर सामने आने के बाद सहारनपुर में देर रात अचानक माहौल बदल गया। कुछ लोगों ने शोक प्रकट करने के लिए शहर में जुलूस निकाल दिया। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस कार्यक्रम के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके चलते मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि जुलूस में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरे। यह जुलूस मुख्य बाजार, नाइयों वाली गली और आसपास के अन्य प्रमुख मार्गों से होकर निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे और कई स्थानों पर रुककर शोक व्यक्त किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी नवीन कुमार सैनी ने बताया कि जिले में धारा बीएनएस 163 लागू है, जिसके तहत बिना अनुमति किसी भी प्रकार की रैली या जुलूस निकालना प्रतिबंधित है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन जुलूस पहले ही कई मार्गों से गुजर चुका था।
पुलिस का कहना है कि बिना पूर्व अनुमति सार्वजनिक जुलूस निकालने से कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। इसी आधार पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मामला दर्ज किया। इंस्पेक्टर सैनी के अनुसार, असलम, आमिर, बबलू, आरिफ, अफजल, आशू, उमर, तफसील, सलमा, बिलाल, वसी, अकील और रेहान समेत कुल 26 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा करीब 150 से अधिक अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाकी लोगों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में बिना अनुमति किसी भी तरह के आयोजन या जुलूस को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।