उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी की पत्नी को कथित तौर पर सात दिन तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर 66 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने खुद को पुणे की एटीएस का अधिकारी बताया और महिला को बैंक खाते की जांच का डर दिखाया।
पीड़िता सुनीता रानी सहारनपुर के सदर बाजार क्षेत्र स्थित आवास विकास की रहने वाली हैं। उनके पति राधेश्याम एक निजी बैंक में प्रबंधक रह चुके हैं। शिकायत के अनुसार, महिला को अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को एटीएस अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके बैंक खाते की जांच चल रही है और जांच पूरी होने तक उन्हें ऑनलाइन रहना होगा।
आरोपियों ने महिला को इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति से बात नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद वे लगातार वीडियो कॉल और व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क करते रहे। इस दौरान महिला से बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांगी गई और कथित जांच के नाम पर डराया गया।
शिकायत के मुताबिक, 18, 19 और 23 नवंबर को अलग-अलग चरणों में कुल 66 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। ठगी का पता चलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अब तक 40 लाख रुपये बैंक खातों में होल्ड करा दिए हैं। शेष रकम की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच जारी है।