
आज गंगा दशहरा के पावन अवसर पर अयोध्या नगरी एक और ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। भगवान श्रीराम की पावन नगरी में आज राम मंदिर के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। रामलला से लेकर रामदरबार तक भक्ति की लहर फैलने जा रही है, क्योंकि आज मंदिर के पहले तल पर स्थापित राम दरबार की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
गर्भगृह के चारों कोनों में बने मंदिरों में भी आज सात विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह दिव्य कार्य अयोध्या और काशी से आमंत्रित 101 वैदिक आचार्यों की अगुवाई में होगा। जैसे ही मंत्रोच्चार गूंजेगा, पूरा मंदिर परिसर वैदिक ऊर्जा से भर जाएगा। इसके बाद श्रीराम रामदरबार में विराजेंगे और भक्तों को रामलला के साथ रामदरबार के भी दर्शन मिल सकेंगे।
अभिजीत मुहूर्त में होगी प्रतिष्ठा, बन रहा है सिद्ध योगप्राण प्रतिष्ठा आज दिन के सबसे शुभ मुहूर्त, यानी अभिजीत मुहूर्त में संपन्न की जाएगी। यह मुहूर्त सुबह 11:25 बजे से 11:40 बजे तक रहेगा। इस दौरान राम दरबार और सात अन्य देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। साथ ही आज का दिन सिद्ध योग के संयोग के कारण और भी पवित्र बन गया है। प्रतिष्ठा के उपरांत पूजन, भोग और आरती के बाद आभूषणों से भगवान राम, सीता माता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी को सजाया जाएगा।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे सीएम योगी आदित्यनाथइस अलौकिक आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ संघ, बीजेपी और विश्व हिंदू परिषद के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में कुल मिलाकर 500 से अधिक विशिष्ट मेहमान आमंत्रित किए गए हैं।
सीएम योगी सुबह 10:30 बजे श्रीरामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे और वहां से सीधे 10:40 से 10:55 तक हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे।
सीएम योगी का कार्यक्रम शेड्यूल इस प्रकार रहेगा: 11:00 – 11:10 बजे: श्रीरामजन्मभूमि का दर्शन-पूजन
11:10 – 1:00 बजे: रामदरबार व अन्य मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा
2:00 – 2:15 बजे: चौधरी चरण सिंह पार्क में वृक्षारोपण (विश्व पर्यावरण दिवस)
2:15 – 2:45 बजे: रामकथा पार्क में नगर निगम अयोध्या बोर्ड की वर्षगांठ कार्यक्रम
2:50 – 2:55 बजे: 13वें सरयू जयंती महोत्सव का शुभारंभ
2:55 – 3:00 बजे: सरयू जी का अभिषेक और आरती
3:05 – 3:45 बजे: महंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज के 87वें जन्म महोत्सव में सहभागिता
3:45 बजे: अयोध्या से प्रस्थान
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंदअयोध्या प्रशासन, राम मंदिर ट्रस्ट और अन्य एजेंसियों ने सुरक्षा और व्यवस्था के हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा तैनात है।
बता दें कि बुधवार को इस आयोजन की पूर्व संध्या पर भारत की 21 पवित्र नदियों के जल से सभी देव विग्रहों का विधिपूर्वक अभिषेक किया गया था। सभी देवताओं को मंदिर परिसर में भ्रमण कराया गया था और राम दरबार समेत सभी विग्रहों का पूजन-अभिषेक हुआ था।