उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र से जेवर एयरपोर्ट तक संचालित होने वाली 45 इलेक्ट्रिक बसों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाई। ये बसें उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के तहत संचालित होंगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर को विकास के नए मॉडल के रूप में प्रस्तुत करते हुए कहा कि राज्य सरकार एक बड़े विजन के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि “नया भारत, नया उत्तर प्रदेश” अब धरातल पर दिखाई दे रहा है, जहां तेजी से बुनियादी ढांचे का विस्तार हो रहा है और परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा रहा है।
2017 से पहले की स्थिति पर सीएम योगी का हमलामुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्ववर्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में स्थिति काफी खराब थी। उस समय सड़कें जर्जर थीं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी रहती थी। उन्होंने कहा कि उस दौर में प्रदेश में अस्थिरता और अव्यवस्था का माहौल था, जिससे आम नागरिकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले के हालात में लोगों के सामने पहचान और विकास दोनों को लेकर संकट जैसी स्थिति थी, लेकिन अब सरकार ने व्यवस्था को सुधारते हुए विकास की दिशा में तेजी से काम किया है।
प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार
सीएम योगी ने अपने संबोधन में राज्य में बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब एक नया बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां कई जिलों में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू एयरपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अयोध्या, जो लंबे समय तक उपेक्षा का शिकार रही, आज आधुनिक एयरपोर्ट के साथ वैश्विक मानचित्र पर अपनी पहचान बना रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या का एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि को समर्पित किया गया है, जो प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि लखनऊ, काशी और कुशीनगर जैसे शहरों में पहले से ही अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं, जबकि नोएडा के जेवर में बन रहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि यह पूरा नेटवर्क उत्तर प्रदेश को देश के सबसे मजबूत एविएशन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।