शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भयावह दुर्घटना हुई, जब लघुशंका के लिए बस से उतरे यात्रियों पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस घटना में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब पौने तीन बजे घटित हुआ।
बस दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही थी। सुरीर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 88 के पास यात्रियों ने चालक से बस रोकने का अनुरोध किया। चालक ने उन्हें ग्रीन जोन तक ले जाने की बजाय रास्ते में ही बस रोक दी।
यात्री बस से नीचे उतरकर लघुशंका करने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी और नीचे खड़े यात्रियों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया।
मौके पर हुई मौतेंइस हादसे में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष और दो अन्य यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं, औरैया के बेला निवासी अमर दुबे इस दुर्घटना में घायल हो गए।
इंस्पेक्टर सुरीर अजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना के समय कोहरा नहीं था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन मौके पर तुरंत राहत कार्य शुरू कराकर आवागमन को फिर से सुचारू किया गया।