महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कानपुर-सागर हाईवे पर दिनदहाड़े 28 वर्षीय युवक पर धारदार हथियारों से हमला कर उसके दोनों हाथ लगभग काट दिए गए। हमलावरों ने उसके पैरों और सिर पर भी कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इस सनसनीखेज हमले का आरोप एक भाजपा नेता और उसके साथियों पर लगाया गया है। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज हायर सेंटर में चल रहा है।
पेट्रोल पंप के सामने घेरकर किया हमलाndtv इंडिया की खबर के अनुसार, यह घटना महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के समदनगर इलाके में मंगलवार रात हुई। जानकारी के अनुसार, समदनगर निवासी 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की किसी काम से चंदेल पेट्रोल पंप पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और हमलावरों ने कुल्हाड़ी से उस पर लगातार कई वार कर दिए। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके दोनों हाथ कलाई के पास से लगभग अलग हो गए। इसके अलावा उसके पैर पर भी गंभीर चोटें आईं और सिर पर धारदार हथियार से गहरे घाव किए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सड़क पर तड़पता रहा युवक, मां का रो-रोकर बुरा हालहमले के बाद विक्की खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उसकी मां घटनास्थल पर पहुंची। बेटे की हालत देखकर वह बेसुध हो गई और कपड़े की मदद से उसके कटे हुए हाथों को समेटने और संभालने की कोशिश करती रही। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
डायल-112 की टीम ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान भी दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी।
भाजपा नेता और साथियों पर लगाए गए आरोपघटना में भाजपा नेता का नाम सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल है। घायल के पिता राजा बाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे उनके ही मोहल्ले में रहने वाले भाजपा नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके सहयोगियों का हाथ है।
परिजनों के मुताबिक, विक्की केवल पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप गया था, जहां उस पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया गया। परिवार का आरोप है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और युवक को निशाना बनाकर हमला किया गया।
डॉक्टरों ने बताया गंभीर, दोनों हाथ लगभग अलग हुएघायल के भाई आलोक सिंह का कहना है कि आरोपी पक्ष से उनकी कोई बड़ी व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी। उनका आरोप है कि राजनीतिक प्रभाव और दबंगई के दम पर इस घटना को अंजाम दिया गया।
जिला अस्पताल के डॉक्टर शिशुपाल ने बताया कि घायल की हालत अत्यंत गंभीर है। उन्होंने कहा कि दोनों हाथ लगभग शरीर से अलग हो चुके थे, जिन्हें अस्थायी रूप से बांधकर स्थिर किया गया है। इसके अलावा पैर पर भी गहरी चोटें हैं और सिर पर धारदार हथियार के कई गंभीर घाव पाए गए हैं।
एक आरोपी हिरासत में, कई पहलुओं से जांच जारीअपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि पीआरवी को समदनगर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति पर हमले की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। घायल की पहचान विक्की ठाकुर पुत्र राजाबाबू सिंह निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक पूर्व परिचित व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने घटना की विस्तृत जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।