लखनऊ में सड़क किनारे युवक की हत्या, शराब और नमकीन बरामद; बाइक सवार बदमाश फरार

लखनऊ के मामपुर बाना गांव के पास आउटर रिंग रोड पर शनिवार देर रात 26 वर्षीय प्रदीप गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, शव के पास शराब की बोतल, नमकीन का पैकेट और प्लास्टिक के गिलास बरामद किए गए। प्रदीप अपने साथी के साथ सड़क किनारे बैठे थे, तभी बदमाश बाइक पर आए और गोली मारकर फरार हो गए। डीसीपी उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि गोली दाहिने कान के नीचे लगी थी। इस मामले की जांच दो टीम कर रही हैं।

मृतक का परिवार और व्यक्तिगत विवरण


प्रदीप गौतम अपने परिवार के साथ मामपुर बाना गांव में रहते थे। वह पुलिस लाइन में संविदाकर्मी थे और कूड़े से खाद बनाने का काम करते थे। पुलिस जांच में पता चला कि वह शनिवार देर रात लगभग 10 बजे अपने एक साथी के साथ गांव लौटे थे। इसके बाद दोनों गांव से बाहर निकलकर आउटर रिंग रोड किनारे बैठे थे।

घटनास्थल और बरामद सामग्री

मौके पर दो बोतल देशी शराब, नमकीन का पैकेट, पानी की बोतल और दो गिलास मिले। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मृतक की बाइक और साथी लापता हैं। प्रदीप की शादी 2020 में ग्राम कठवारा के राकेश गौतम की बेटी चांदनी से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल और आउटर रिंग रोड के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। देर रात तक एडीसीपी अमोल मुरकुट, एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह घटनास्थल पर मौजूद थे और ग्रामीणों से पूछताछ कर रहे थे।