उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला भाजपा का संगठन और नेतृत्व करेगा। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा कि दोनों के बीच कोई दीवार नहीं है और पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, वह उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नेतृत्व की ओर से कोई नया फैसला नहीं होता, तब तक जो चेहरा अभी है, वही रहेगा।
मुख्यमंत्री पद पर क्या बोले केशव मौर्य?मुख्यमंत्री बनने की इच्छा को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला संगठन नेतृत्व करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनके और योगी आदित्यनाथ के बीच कोई दीवार नहीं है। उनके मुताबिक कुछ लोगों ने दोनों के बीच दूरी दिखाने की कोशिश की, लेकिन वे मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। इससे पहले एक इंटरव्यू में केशव प्रसाद मौर्य ने स्वीकार किया था कि उनके मन में मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा है। हालांकि, उन्होंने साथ ही यह भी कहा था कि सिर्फ उनके चाहने से मुख्यमंत्री बनने का फैसला नहीं हो सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री के चयन में पार्टी नेतृत्व और विधायक दल की भूमिका की बात कही थी।
'पहला लक्ष्य बहुमत हासिल करना'केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा का प्राथमिक लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करना है। उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को मिले बहुमत का जिक्र करते हुए कहा कि 2027 में भी भाजपा प्रचंड बहुमत हासिल करने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
चुनाव लड़ने को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह चुनाव जरूर लड़ेंगे और सीट का फैसला संगठन करेगा। उन्होंने यहां तक कहा कि फिलहाल वह खुद को उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों का प्रत्याशी मानते हैं।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशानाडिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का सत्ता में आना उत्तर प्रदेश में तबाही को निमंत्रण देने जैसा होगा।
प्रयागराज में कार्यकर्ताओं के साथ बैठककेशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं और महानगर के 15 मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर सक्रिय होने और मेहनत के साथ संगठन के लिए काम करने को कहा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के मंसूबों को सफल नहीं होने देने की अपील की। केशव मौर्य ने विपक्ष पर मुद्दाविहीन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पास जनता को भ्रमित करने के अलावा कोई विषय नहीं है।
बैठक में उन्होंने 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़े का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है और इसी दिन से सेवा पखवाड़ा अभियान शुरू किया जाएगा।
बैठक में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, विधायक, एमएलसी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।