कानपुर देहात में पिता ने सो रहे बेटे के सिर पर ईंट से किया हमला, इलाज के दौरान मौत

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के चितवाखेड़ा (रसधान) गांव में 21 सितंबर की रात पैसों और नशे को लेकर हुए विवाद के बाद एक पिता पर अपने 23 वर्षीय बेटे अभिषेक के सिर पर ईंट से हमला करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल अभिषेक का कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पैसों और नशे को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना से पहले पिता और बेटे के बीच पैसे रखने को लेकर विवाद हुआ था। परिवार के मुताबिक, अभिषेक नशे का विरोध करता था और इसी मुद्दे पर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

परिजनों ने बताया कि 21 सितंबर की शाम करीब 7 बजे परिवार में पैसों को लेकर विवाद हुआ था। मां और दोनों भाइयों के बीच भी कहासुनी हुई। परिवार के लोगों ने मामला शांत कराया, जिसके बाद अभिषेक, उसकी मां और भाई खाना खाने के बाद सो गए। पिता वहां से चला गया था।

रात में लौटकर सो रहे बेटे पर हमला करने का आरोप

मृतक की बहन सोनका देवी के अनुसार, उनके पिता शराब पीते थे और घटना वाली शाम भी उन्होंने शराब पी रखी थी। आरोप है कि रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच पिता घर लौटे। उस समय अभिषेक चारपाई पर सो रहा था और उसकी मां भी सो रही थी।

आरोप है कि पिता ने ईंट उठाकर अभिषेक के सिर पर कई वार किए। बेटे की चीख-पुकार सुनकर मां की आंख खुली, तो उन्होंने उसे घायल अवस्था में देखा और शोर मचाया। इसके बाद आरोपी ईंट वहीं छोड़कर मौके से भाग गया।

गंभीर हालत में कानपुर किया गया था रेफर

परिवार के लोगों ने घायल अभिषेक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर किया गया।

कानपुर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। मृतक के भाई आनंद ने बताया कि पैसों के विवाद के कारण अभिषेक पर हमला किया गया था। इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
आरोपी पिता की तलाश में पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिकंदरा थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ सौरभ कुमार वर्मा के अनुसार, पुलिस को चितवाखेड़ा गांव में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि 21 सितंबर की रात पिता और बेटे के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था और मारपीट में बेटे के सिर में चोट लगी थी।

पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।