उत्तर प्रदेश के झांसी में एक प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी के बेटे की हरकत ने शहर में हड़कंप मचा दिया है। बार–रेस्टोरेंट में तैनात एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार का उसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई। वायरल फुटेज में युवक पहले रिसेप्शनिस्ट को फ्लाइंग किस भेजते दिखाई देता है और फिर जबरन उसके बेहद करीब जाकर उसे गले लगाता है तथा चेहरे पर किस करता है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। यह पूरा मामला नबाबाद थाना क्षेत्र के इलाहाबाद बैंक चौराहे स्थित एक बार–रेस्टोरेंट का है, जहां लगी सीसीटीवी फुटेज में घटना स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई। आरोपी का नाम अमन अग्रवाल बताया जा रहा है, जो स्थानीय सराफा व्यापार से जुड़े परिवार का बेटा है।
36 सेकंड के वायरल वीडियो में साफ दिखता है कि अमन अग्रवाल दो युवतियों के साथ बार–रेस्टोरेंट में प्रवेश करता है और रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी युवती से बातचीत करता है। बातचीत के दौरान माहौल हल्का-फुल्का दिखाई देता है, क्योंकि सभी मुस्कुराते नजर आते हैं। लेकिन अचानक युवक की हरकतें बदल जाती हैं। वह सबसे पहले रिसेप्शनिस्ट की ओर फ्लाइंग किस करता है और फिर लिफ्ट की दिशा में बढ़ते-बढ़ते अचानक कदम रोककर वापस रिसेप्शन की ओर लौट आता है। उसके पास आते ही घबराकर युवती कुछ कदम पीछे हो जाती है, लेकिन इसके बावजूद वह उसे जोर से पकड़कर जबरिया गले लगा लेता है और एक नहीं बल्कि दो बार उसके गाल पर किस कर देता है। इसी दौरान उसके साथ आई युवती बगल में खड़ी होकर यह पूरा दृश्य मुस्कुराते हुए देखती रहती है।
रिसेप्शन पर काम कर रही युवती अमन की इस अचानक और अवांछित हरकत से सन्न रह जाती है। कुछ पल तक उसे समझ ही नहीं आता कि उसके साथ क्या हुआ। जब वह संभलती है, तो वह घटना की जानकारी रेस्टोरेंट के अन्य कर्मचारियों को देती है। बाद में पीड़िता सीधे थाने पहुंचती है और अपनी शिकायत में बताती है कि अमन अग्रवाल शराब के नशे में था और उसने उसके साथ जबरदस्ती आपत्तिजनक व्यवहार किया। इसी बीच रेस्टोरेंट की सीसीटीवी फुटेज किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दी, जो देखते ही देखते वायरल हो गई।
वीडियो फैलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। नबाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक जे.पी. पाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।