ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक चलती स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई। बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे। आग लगने के बाद कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे हुई।

पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। आग लगते ही बस में धुआं भर गया और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि कई लोग अंदर फंस गए।

आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद बस को ठंडा करने के लिए कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया। हादसे के बाद बस के अंदर फंसे लोगों की तलाश और राहत-बचाव का काम किया गया।

एक यात्री ने बताया कि वह बस में सो रहा था, तभी किसी ने उसे आग लगने की जानकारी दी। बस के अंदर धुआं इतना ज्यादा था कि बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। एक अन्य यात्री ने बताया कि आग बस के आगे की तरफ, चालक की सीट के पास लगी दिखाई दी।
हादसे के बाद सामने आई एफआईआर में यात्री सुनील कुमार की शिकायत के आधार पर चालक और परिचालक पर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि आग लगने से पहले बस में जलने की बदबू आ रही थी और यात्रियों ने इसकी जानकारी चालक और परिचालक को दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद बस को तुरंत नहीं रोका गया। इन आरोपों की जांच की जा रही है।

फिलहाल आग लगने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यात्रियों से जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच की जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।