गोरखपुर के पिपराइच रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई। रेलवे ट्रैक पर एक युवक और युवती के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवती के शरीर पर कपड़े नहीं थे, जिससे घटना के पीछे किसी गंभीर साजिश या अनहोनी की आशंका गहराने लगी है। मौके पर पहुंची जीआरपी (रेलवे पुलिस) ने जांच शुरू कर दी है और हर एंगल से सुराग जुटाए जा रहे हैं।
प्रेम संबंध से जुड़ा मामला, दो दिन पहले ही लौटा था युवकस्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों एक ही इलाके के रहने वाले थे और करीब दो साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। बताया जा रहा है कि युवक हैदराबाद में पेंट पॉलिश का काम करता था और दो दिन पहले ही अपने घर लौटा था। सोमवार की शाम को दोनों को रेलवे स्टेशन की दिशा में जाते हुए कुछ लोगों ने देखा था। देर रात करीब आठ बजे जब एक ट्रेन वहां से गुजरी, तो बाद में ट्रैक पर दोनों के शव पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचित किया गया।
परिवार की आंखों से छलका दर्द, मां ने लगाया गंभीर आरोपमृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी एक कपड़ों की दुकान पर काम करती थी और सोमवार सुबह रोज़ की तरह दुकान पर गई थी। लेकिन जब वह शाम तक घर नहीं लौटी, तो परिवार परेशान हो गया। रात करीब नौ बजे उन्हें सूचना मिली कि बेटी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। मां ने आरोप लगाया कि युवक अक्सर उनकी बेटी को परेशान करता था और छेड़खानी करता था, जिससे वह मानसिक रूप से बहुत तनाव में थी। युवती के शरीर पर कपड़े न होने के कारण परिवार को शक है कि उसकी हत्या के बाद शव को पटरी पर फेंका गया है, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके।
दुकान से शाम को निकली थी युवती, कई सवाल बने रहस्यदुकानदार ने पुलिस को बताया कि युवती शाम करीब सात बजे दुकान से निकली थी। इसके बाद उसका कोई अता-पता नहीं चला। अब सवाल यह उठता है कि वह स्टेशन तक कैसे पहुंची और युवक के साथ वहां क्या हुआ। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। मौके से कुछ निजी सामान भी बरामद किए गए हैं जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजारगोरखपुर जीआरपी थाना प्रभारी अनुज सिंह ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे घटना की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और कॉल डिटेल्स के आधार पर भी जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटनाक्रम की सही तस्वीर सामने आ सके।