सरयू घाट जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ई-रिक्शा ट्रक से टकराकर पलटा, 16 घायल

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर कपूरपुर गांव के पास एक सड़क दुर्घटना में श्रद्धालुओं से भरे दो ई-रिक्शे पलट गए। दुर्घटना में कुल 16 लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलधरमऊ में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल सात श्रद्धालुओं को बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय रेफर किया गया। ये सभी श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू घाट में स्नान करने के लिए जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बमडेरा के नदईपुरवा निवासी सत्यवती, ममता, किरन, रानी देवी, शकुंतला, राजेश कुमार, गुड्डू, पदमा व उनकी बेटी अंशिका, बेबी, आनिया, और पसरा गोंडरी के मजरा खुंभा पुरवा निवासी कुसुमा देवी, हार्दिक, सीमा वर्मा, अटल व पवन दो ई-रिक्शों में सवार होकर कर्नलगंज के सरयू घाट की ओर जा रहे थे। पहले ई-रिक्शा में 11 और दूसरे में पांच लोग सवार थे।

हाईवे पर घटना इस तरह हुई कि पहला ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इसके पीछे चल रहे दूसरे ई-रिक्शा ने भी पहले वाहन को टकराते देखा और अचानक पलट गया। दोनों ई-रिक्शे पलटने से सभी 16 श्रद्धालु घायल हो गए। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद शंकुतला, ममता, रानी देवी, राजेश कुमार, गुड्डू, पवन कुमार और हार्दिक को गंभीर स्थिति के कारण मेडिकल कालेज से जुड़े बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय रेफर किया गया।

अधीक्षक संत प्रताप वर्मा ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है। कोतवाल तेज प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।