बस्ती जिले के मझौवा दुबे गांव के पास हाईवे पर पिकअप, कार और ट्रक की टक्कर से हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर जब पुलिस और पशुचिकित्सक पहुंचे, तो उन्होंने पिकअप में लदे मांस को कब्जे में लिया और उसकी जांच-पड़ताल शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह गोमांस है या नहीं, लेकिन मांस के नमूने फोरेंसिक लैब भेजकर पुष्टि की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह भोर के समय हुआ। तीनों वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसमें पिकअप वाहन में जानवरों के मांस और अवशेष लदे मिले। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ के बढ़ते माहौल को देखते हुए पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। रिंगरोड पर तैनात कर्मियों ने इसकी सूचना तुरंत छावनी पुलिस को दी।
घटना स्थल पर यूपी 112 पीआरवी और एनएचआई की क्रेन की मदद से संदिग्ध मांस को सुरक्षित ढंग से जमीन में डिस्पोज किया गया। इस पूरे हादसे का वीडियो कुछ राहगीरों ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने बताया कि पिकअप वाहन उन्नाव के स्लॉटर हाउस से भैंस का मांस लेकर संतकबीरनगर जा रहा था। वाहन स्वामी के पास सभी वैध कागजात मौजूद थे, लेकिन दुर्घटना और वाहन में पाए गए मांस ने हड़कंप मचा दिया।