अतीक अहमद के बेटे अबान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने, लंग्स-लीवर फटे, 23 घाव मिले; शव देखकर रो पड़ा भाई अहजम

कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत सड़क हादसे में आई गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण हुई। शुक्रवार को जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दुर्घटना के दौरान अबान के लीवर, फेफड़े (लंग्स) और तिल्ली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके अलावा सिर पर गहरी चोट लगी थी और शरीर पर कुल 23 गंभीर चोटों के निशान पाए गए। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि हादसे के कारण उनकी आंतों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा था।

गौरतलब है कि गुरुवार को झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद दोनों मृतकों के शव और घायल युवकों को देर रात परिजन अपने साथ झांसी से लेकर रवाना हो गए।

बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था अबान

पुलिस के अनुसार, अबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने झांसी जा रहा था। अली अहमद फिलहाल झांसी जेल की तन्हाई बैरक में बंद है। अबान अपने दोस्तों सोनू, उमर अहमद, मोहम्मद जैद और फारुक अहजम के साथ क्रेटा कार से यात्रा कर रहा था।

बताया गया कि झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अबान अहमद और सोनू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उमर अहमद, मोहम्मद जैद और फारुक अहजम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद अतीक अहमद का चौथे नंबर का बेटा अहजम अहमद गुरुवार देर शाम झांसी पहुंचा। उसने पोस्टमार्टम हाउस में अपने छोटे भाई अबान के शव की पहचान की।
डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम

दूसरी ओर, मृतक सोनू के परिजन भी मध्य प्रदेश के सागर से झांसी पहुंचे। दोनों परिवार शवों को जल्द अपने साथ ले जाना चाहते थे। इसके बाद देर रात पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में डॉक्टरों का विशेष पैनल गठित किया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।

डॉ. पंकज मुसतारिया, डॉ. जिया जफर और डॉ. रजनीश यादव की टीम ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया। पैनल में शामिल डॉ. रजनीश यादव ने बताया कि सबसे पहले अबान अहमद के शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद सोनू के शव की जांच हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों युवकों की मौत सड़क दुर्घटना में लगी गंभीर चोटों के कारण हुई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसे दुर्घटनाजनित (एक्सीडेंटल) मृत्यु बताया गया है।

छोटे भाई का शव देखकर भावुक हुआ अहजम

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आधी रात के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। जैसे ही अबान का शव बाहर लाया गया, उसका भाई अहजम अहमद खुद को संभाल नहीं सका और फूट-फूटकर रो पड़ा। वहां मौजूद रिश्तेदारों ने उसे ढांढस बंधाने की कोशिश की, लेकिन वह लंबे समय तक भावुक रहा।

इसके बाद दोनों शवों को एक ही एंबुलेंस में रखकर प्रयागराज के लिए रवाना किया गया। अहजम अहमद ने बताया कि शुक्रवार को प्रयागराज में दोनों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

दुर्घटनाग्रस्त कार से मिलीं ये चीजें

हादसे के तुरंत बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दुर्घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार से कई सामान बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, वाहन के भीतर सिगरेट के पैकेट, जूते और दो किताबें—'The Idiot' तथा 'The Stationery Shop of Tehran'—मिलीं। इसके अलावा कार से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जबकि हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है।