मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में आज अदालत के फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं। पति की हत्या करने और फिर सांप के काटने से मौत होने का नाटक रचने के मामले में पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को कोर्ट थोड़ी देर में सजा सुना सकती है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अमित कश्यप की गला दबाकर हत्या की थी और इसके बाद मामले को सर्पदंश का रूप देने के लिए उसके शव के नीचे सांप रख दिया था। इस मामले में अदालत दोनों आरोपियों को पहले ही दोषी ठहरा चुकी है। मेरठ में यह फैसला ऐसे समय आने वाला है, जब चर्चित नीला ड्रम कांड में साहिल और मुस्कान को मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद एक बार फिर हत्या के गंभीर मामलों को लेकर चर्चा हो रही है। अमित कश्यप हत्याकांड में भी अब अदालत को दोनों दोषियों की सजा पर फैसला सुनाना है।
87 तारीखों और 12 गवाहों की गवाही के बाद सजा पर फैसलाअमित कश्यप हत्याकांड की सुनवाई के दौरान अब तक 87 तारीखें पड़ चुकी हैं और 12 गवाहों की गवाही दर्ज की गई है। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने रविता और अमरदीप को दोषी करार दिया। अब दोनों को किस तरह की सजा सुनाई जाएगी, इस पर अदालत का फैसला आना बाकी है। यह मामला 12 और 13 अप्रैल 2025 के दौरान बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबर सादातपुर गांव में हुई वारदात से जुड़ा है। आरोप है कि अमित कश्यप की पत्नी रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद हत्या को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने के लिए शव के नीचे सांप रख दिया गया था।
करीब 17 महीने से जेल में बंद हैं रविता और अमरदीप
इस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान रविता और अमरदीप से पूछताछ की थी। जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी, तब रविता ने इसका विरोध किया। खबर के मुताबिक, उसने परिवार को धमकी भी दी थी। अमित के परिजनों को पहले से ही शक था कि उसकी हत्या में रविता और अमरदीप की भूमिका हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अमित की मौत गला दबाने के कारण होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी करीब 17 महीने से चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंद हैं। अब अदालत उनकी सजा पर फैसला सुनाने वाली है।
टाइल और पत्थर लगाने के काम के दौरान शुरू हुआ था रविता-अमरदीप का रिश्ताअमित कश्यप बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का रहने वाला था। अमरदीप उसके साथ टाइल और पत्थर लगाने का काम करता था। काम के सिलसिले में उसका अमित के घर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान अमरदीप और रविता के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए।
बताया गया है कि अमित को अपनी पत्नी और अमरदीप के रिश्ते की जानकारी हो गई थी। इसके बाद रविता और अमरदीप ने कथित तौर पर अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस के सामने आए मामले के मुताबिक, दोनों ने हत्या को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की योजना बनाई थी, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
एक हजार रुपये में खरीदा था सांपमामले के विवरण के मुताबिक, रविता और अमरदीप ने एक सपेरे से 1,000 रुपये में सांप खरीदा था। 17 अप्रैल की रात, जब अमित सो गया, तब रविता ने अमरदीप को घर बुलाया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अमित की हत्या कर दी और इसके बाद उसके बिस्तर पर सांप छोड़ दिया। वारदात के बाद रविता ने अमरदीप को वहां से भेज दिया और खुद दूसरे कमरे में जाकर सो गई। अगली सुबह जब परिवार के लोग जागे, तो उन्होंने अमित को मृत पाया। उसके शरीर पर ऐसे निशान दिखाई दे रहे थे, जो सांप के काटने जैसे लग रहे थे। शुरुआत में परिजनों को लगा कि अमित की मौत सर्पदंश के कारण हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राजअमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में उसके शरीर पर सांप के काटने जैसे दस निशान मिलने की बात सामने आई। हालांकि, पांच दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सांप का काटना नहीं, बल्कि दम घुटना बताई गई। इस रिपोर्ट ने मामले को नया मोड़ दिया और हत्या की आशंका को मजबूत किया। जांच के बाद रविता और अमरदीप को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने सुनवाई और गवाहों की गवाही के बाद दोनों को दोषी ठहरा दिया है। अब अमित कश्यप हत्याकांड में उनकी सजा को लेकर फैसला सुनाया जाना है।