दीपावली से पहले गरीबों को गैस सिलेंडर की सौगात, जिसने रंग में भंग डाला वो सलाखों के पीछे: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से ठीक पहले प्रदेश के गरीब परिवारों को एक बड़ा तोहफा देते हुए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया। बुधवार को लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि त्योहारों का असली उद्देश्य यही है कि समाज सामूहिक रूप से उल्लास और उमंग के साथ उन्हें मनाए।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने 2021 में यह तय किया था कि हर वर्ष होली और दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के सभी लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार 1.86 करोड़ परिवारों को यह सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब कोई ऐसा त्योहार नहीं है जो डर और दहशत के साए में मनाया जाए। सभी पर्व – चाहे वह दीपावली हो, होली, ईद, क्रिसमस, रामनवमी या जन्माष्टमी – शांति और सौहार्द से मनाए जा रहे हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जो भी त्योहार के माहौल में खलल डालेगा, उसे जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

सीएम योगी ने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना को गरीबों, खासकर महिलाओं की गरिमा से जोड़ते हुए कहा कि अब उन्हें धुएं से जूझते हुए लकड़ी और उपले जलाकर खाना नहीं बनाना पड़ता। यह योजना स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब 2014 में सत्ता संभाली, तभी से योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के आमजन तक पहुंचने लगा है।

योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि 2017 के पहले यूपी में सिर्फ एक परिवार की चिंता होती थी – सैफई परिवार की। उन्होंने कहा कि चाचा-भतीजा की राजनीति ने गरीबों की योजनाओं को लूटा और त्योहारों को दंगों में बदल दिया। जबकि डबल इंजन की सरकार ने पूरे प्रदेश को एक परिवार मानकर काम किया है – बिना जाति पूछे, बिना भेदभाव किए।

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी अपनी सरकार की कटिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि अगर कोई बेटी के साथ छेड़छाड़ करता है, तो अगले चौराहे पर यमराज उसका टिकट काटने के लिए तैयार खड़ा होगा। उन्होंने चेताया कि जो भी समाज में रंग में भंग डालने की कोशिश करेगा, वह जेल में होगा।

दीपावली पर ‘स्वदेशी’ को बढ़ावा देने की अपील करते हुए सीएम योगी ने कहा कि इस बार हर परिवार जो भी खरीदे, वह देशी हो। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां हों या दीये – वे हमारे कारीगरों और हस्तशिल्पियों द्वारा बनाए गए हों, चीन या विदेशों से आयातित नहीं।

उन्होंने यह भी कहा कि जब पैसे का प्रवाह स्थानीय श्रमिकों और उद्यमियों तक पहुंचेगा, तभी भारत समृद्ध होगा और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।