थप्पड़ का बदला लेने के लिए मासूम की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, आटे के ड्रम में मिला था शव

आगरा: आगरा से एक बड़ी खबर सामने आई है। आठ साल की बच्ची की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार आरोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में था। जब पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में एक दारोगा भी गोली लगने से घायल हुआ है।

फिरोजाबाद भागने की फिराक में था आरोपी


indiatv की खबर के अनुसार, आठ साल की बच्ची की हत्या का आरोपी, किरायेदार सुनील (29 वर्ष), शनिवार तड़के 3 बजे बमरौली कटारा के पास हुई एनकाउंटर में ढेर हो गया। DCP सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी भागने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी और उसे एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
बच्ची की हत्या के बाद से फरार था आरोपी

जानकारी के अनुसार, सुनील ने 24 मार्च को जूता कारोबारी की आठ साल की बच्ची की गला काटकर हत्या कर दी थी। उसके बाद शव को आटे के ड्रम में छिपा दिया गया। करीब 30 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया था। उस दिन से आरोपी फरार था और पुलिस ने उस पर 25,000 रुपए का इनाम भी घोषित किया था।

जांच में यह भी सामने आया कि 11 दिन पहले, किराए के बकाया पैसे को लेकर बच्ची के चाचा ने आरोपी सुनील को थप्पड़ मारा और कमरे पर ताला लगा दिया था। इसी की प्रतिक्रिया में आरोपी ने मासूम बच्ची की हत्या की। तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली से सुनील घायल हुआ और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।