तेलंगाना के नलगोंडा जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निजी बस और कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस व राहत दल मौके पर पहुंच गए। घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गई है।
कार में सवार चार लोगों की मौके पर मौतपुलिस के अनुसार यह दुर्घटना नलगोंडा जिले के हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक निजी बस ने कार को टक्कर मार दी। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल थे। हादसा इतना भयावह था कि कार में मौजूद चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग चेन्नई से हैदराबाद की ओर जा रहे थे। मृतकों में चालक की पत्नी, उसके दो बच्चे और एक करीबी मित्र शामिल हैं। दुर्घटना के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह करीब पांच बजे हुआ हादसाप्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाखापत्तनम से हैदराबाद जा रही एक निजी बस ने सुबह करीब पांच बजे नलगोंडा जिले के चिट्याल क्षेत्र के पास कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चला रहे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दूसरी ओर, दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में यात्रा कर रहे किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस हादसे की वजह जानने के लिए बस चालक समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।