तमिलनाडु की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब टीवीके प्रमुख और सुपरस्टार सी. जोसेफ विजय उर्फ थलापति विजय ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में विजय ने तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। अपने पसंदीदा अभिनेता को सत्ता की सबसे बड़ी कुर्सी तक पहुंचते देखने के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम के दौरान समर्थकों का जोश चरम पर रहा।
विजय का यह शपथ ग्रहण समारोह केवल राजनीतिक ही नहीं बल्कि फिल्मी दुनिया के लिए भी खास बन गया। समारोह में कई राजनीतिक नेताओं, उद्योगपतियों और सिनेमा जगत की मशहूर हस्तियों ने हिस्सा लिया। हालांकि सबसे ज्यादा ध्यान अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने खींचा, जो कार्यक्रम में पहुंचने वाली शुरुआती सेलिब्रिटीज में शामिल रहीं।
ट्रेडिशनल अंदाज में नजर आईं तृषा कृष्णनसाउथ फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री तृषा कृष्णन रविवार, 10 मई 2026 को विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने चेन्नई पहुंचीं। उन्होंने इस खास मौके पर नीले रंग की खूबसूरत कांजीवरम साड़ी पहनी थी, जिसके साथ बेज रंग का एम्ब्रॉयडरी ब्लाउज उनके लुक को और आकर्षक बना रहा था। पारंपरिक जूलरी और सादगी भरे अंदाज ने उनके पूरे लुक को बेहद एलिगेंट बना दिया।
समारोह में रवाना होने से पहले तृषा ने अपने घर के बाहर मौजूद मीडिया से भी संक्षिप्त बातचीत की। उन्होंने विजय की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि वह तमिलनाडु के लिए आने वाले समय को लेकर काफी उत्साहित हैं। जब उनसे इस दिन के महत्व के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “धन्यवाद… आगे क्या होने वाला है, इसे लेकर बेहद उत्सुक हूं।”
फिल्म और राजनीति जगत की कई हस्तियां पहुंचींतृषा कृष्णन के अलावा दक्षिण भारतीय सिनेमा की कई अन्य जानी-मानी हस्तियां भी इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बनीं। अभिनेत्री संगीता और लोकप्रिय गायक कृष को भी स्टेडियम पहुंचते देखा गया। विजय की यह जीत उनके राजनीतिक करियर का अब तक का सबसे बड़ा पड़ाव मानी जा रही है।
तमिलगा वेट्री कषगम (TVK) ने पहली बार तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हिस्सा लिया और अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी। कम समय में पार्टी ने राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है और अब इसे तमिलनाडु की सबसे चर्चित नई राजनीतिक ताकतों में गिना जा रहा है।
121 विधायकों के समर्थन के साथ पेश किया था दावागौरतलब है कि शपथ ग्रहण से एक दिन पहले विजय ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से राजभवन में मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इस दौरान उन्होंने 121 विधायकों के समर्थन वाला पत्र राज्यपाल को सौंपा।
तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी था। विजय को उनकी पार्टी TVK के 108 विधायकों के अलावा कांग्रेस के 5, CPI के 2, CPI(M) के 2, VCK के 2 और IUML के 2 विधायकों का समर्थन मिला। इसी समर्थन के आधार पर राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया और अब विजय आधिकारिक तौर पर तमिलनाडु की सत्ता संभाल चुके हैं।