जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के दौरान एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर में निर्माणाधीन आईपीडी टावर परियोजना तथा इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में परियोजना से जुड़े निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रबंधन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और संचालन व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं का विभागवार मूल्यांकन किया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करते हुए परियोजना की गति और तेज की जाए।
उन्होंने कहा कि एसएमएस अस्पताल का आईपीडी टावर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके समय पर पूर्ण होने से मरीजों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों से आपसी समन्वय बढ़ाकर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने और परियोजना के प्रत्येक चरण को निर्धारित समय के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि आईपीडी टावर को जल्द पूरी तरह क्रियाशील बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समानांतर रूप से पूरी की जाएं। उन्होंने चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, पर्याप्त मानव संसाधन की नियुक्ति, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अस्पताल तक पहुंचने वाले मार्गों के विकास तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूरे हों। साथ ही परियोजना की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए किसी भी प्रकार की बाधा का समय रहते समाधान किया जाए।
समीक्षा बैठक में इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज में शुरू की जा चुकी चिकित्सा सेवाओं, शेष बचे निर्माण कार्यों तथा पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति से मुख्य सचिव को अवगत कराया और आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा की।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) गायत्री ए. राठौड़, चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त बाबूलाल गोयल तथा संयुक्त शासन सचिव डॉ. ज्योति चौहान उपस्थित रहे। वहीं अतिरिक्त मुख्य सचिव (नगरीय विकास एवं आवासन) आलोक गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया, जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ महाजन तथा एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लेकर परियोजना की प्रगति से संबंधित जानकारी साझा की।