राजस्थान में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को याद करने और सुरक्षित यातायात का संदेश देने के लिए आज राज्य सड़क सुरक्षा दिवस मनाया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में श्रद्धांजलि सभाएं, जागरूकता कार्यक्रम और कैंडल मार्च आयोजित किए जाने हैं। जयपुर के जवाहर कला केंद्र में शाम को होने वाले विशेष कार्यक्रम में 350 से अधिक बच्चों के शामिल होने की तैयारी है।
यह आयोजन विश्व सड़क दुर्घटना पीड़ित स्मरण दिवस के अवसर पर किया जा रहा है। इस दिन सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाती है और दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जाती है।
जयपुर में मुस्कान फाउंडेशन फॉर रोड सेफ्टी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें 350 से अधिक बच्चों के सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत करने की योजना है।
आयोजन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को केवल यातायात नियमों तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में सामने लाना है। बच्चों की प्रस्तुतियों के जरिए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने जैसे संदेश दिए जाएंगे।
फाउंडेशन पिछले करीब 25 वर्षों से सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में काम कर रहा है। इस कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों को भी सम्मान देने की योजना है।
राज्य के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने जिला कलेक्टरों और जिला सड़क सुरक्षा समितियों को कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिला और उपखंड स्तर पर दुर्घटना पीड़ितों की याद में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।
प्रमुख मार्गों पर बैटरी से चलने वाले कैंडल मार्च निकालने की भी योजना है। इनमें सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी।
कार्यक्रमों में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान, उनके नाम, तस्वीर और दुर्घटना से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे दुर्घटनाओं के पीछे छिपे मानवीय नुकसान को सामने लाने का प्रयास होगा।
सड़क दुर्घटना होने पर शुरुआती समय में घायल व्यक्ति को सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी वजह से इस अभियान में राहवीर योजना और दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल मदद देने से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
लोगों को बेसिक लाइफ सपोर्ट यानी BLS का प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे दुर्घटना के बाद एंबुलेंस पहुंचने तक प्राथमिक सहायता देने की समझ विकसित हो सकती है।
परिवहन विभाग ने पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, उच्च शिक्षा, सार्वजनिक निर्माण, स्थानीय निकाय और पंचायतीराज विभागों को भी कार्यक्रमों में सहयोग करने के लिए कहा है।
युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रतियोगिताएं और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। ट्रैक्टर चालकों और व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
परिवहन विभाग के निर्देशों के अनुसार, प्रादेशिक और जिला परिवहन कार्यालयों में वास्तविक सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित वीडियो क्लिपिंग दिखाई जाएंगी। इसका मकसद लोगों को सड़क पर लापरवाही के संभावित परिणामों से परिचित कराना है।
इस वर्ष के अभियान की थीम 'रिमेम्बर, सपोर्ट, एक्ट' यानी याद करें, सहयोग करें और कार्रवाई करें रखी गई है। इसके जरिए दुर्घटना पीड़ितों को याद करने के साथ सड़क सुरक्षा के लिए व्यवहार में बदलाव लाने पर जोर दिया जा रहा है।