Rajasthan: कोटा जेल में सुरक्षा चूक उजागर, होमगार्ड के जूतों में छिपी चरस-सिगरेट बरामद, मौके पर पकड़ा गया जवान

राजस्थान के कोटा से जेल सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। केंद्रीय कारागार में तैनात एक होमगार्ड जवान को कैदियों तक नशीला सामान पहुंचाने की कोशिश करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। जेल प्रशासन की सतर्कता के चलते यह तस्करी नाकाम हो गई। मामले की सूचना तुरंत नयापुरा थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

तलाशी में खुला राज

नयापुरा थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी होमगार्ड कीर्ति कुमार की नियमित जांच के दौरान संदिग्ध हरकतें सामने आईं। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 35 ग्राम चरस, तंबाकू और सिगरेट से जुड़े सामान बरामद किए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि नशीला पदार्थ उसके जूतों के सोल में छिपाकर रखा गया था, ताकि सुरक्षा जांच से बचा जा सके।

शक ने पकड़ा बड़ा खेल

कोटा जेल के सुपरिटेंडेंट भैरव सिंह राठौर ने बताया कि ड्यूटी के दौरान कीर्ति कुमार की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसी आधार पर सुरक्षाकर्मियों ने उसकी सघन जांच की। तलाशी के दौरान जूतों के भीतर छिपाई गई चरस और सिगरेट के टुकड़े मिलने से मामला साफ हो गया। इसके बाद तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित कर पुलिस कार्रवाई शुरू करवाई गई।

फरवरी से था तैनात

जानकारी के मुताबिक, कीर्ति कुमार को 1 फरवरी से कोटा जेल में ड्यूटी पर लगाया गया था। जेल की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए RAC जवानों के साथ होमगार्ड्स को भी तैनात किया जाता है। हर महीने होमगार्ड मुख्यालय से 25 से 30 जवानों की ड्यूटी लगाई जाती है। इसी क्रम में इस माह भी उसे अन्य जवानों के साथ तैनात किया गया था।

अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच

घटना के सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। वहीं नयापुरा थाना पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले में जेल के अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह यह नशीला पदार्थ किसके कहने पर और किस कैदी तक पहुंचाने वाला था।